अजमेर जिले के आदर्श नगर थाना क्षेत्र में एक बेहद सनसनीखेज घरेलू चोरी का खुलासा हुआ है, जिसमें खाटूश्यामजी दर्शन के लिए परिवार के बाहर जाने का फायदा उठाकर तिजोरी से करीब डेढ़ करोड़ रुपये के सोने-हीरे के जेवरात और 5 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए गए। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के महज कुछ दिनों के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरा माल बरामद कर लिया है। जांच में सामने आया कि इस बड़ी चोरी को किसी बाहरी गिरोह ने नहीं, बल्कि खुद परिवादी के सगे भतीजे और उसकी पत्नी ने अंजाम दिया था।

घटना आदर्श नगर थाना क्षेत्र के बंगला नंबर 56, माधव द्वार की है, जहां गोपाल खंडेलवाल (64) गोपाल खंडेलवाल ने 1 जुलाई को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 30 जून को वे अपने काम से दोपहर में बाहर गए थे, जबकि उनकी पत्नी, दो बेटे और दोनों पुत्रवधू घर पर ताला लगाकर खाटूश्यामजी दर्शन के लिए गए थे। लौटने पर घर के मुख्य ताले सही मिले, लेकिन बेडरूम की अलमारी से 15 किलोग्राम चांदी की सिल्लियां, 5 सोने के हार सेट, 4 सोने की चूड़ियां, 1 हीरे का मंगलसूत्र, 1 सोने का मंगलसूत्र, 1 हीरे की अंगूठी और 4 सोने की चेन गायब मिलीं।

अजमेर पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर एवं मुख्यालय हिमांशु जांगिड़ और वृत्ताधिकारी वृत्त दक्षिण मनीष बड़गुर्जर के सुपरविजन में थानाधिकारी दिलीप मुक्कड़ और डीएसटी प्रभारी शंकर सिंह रावत के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित की गईं। थानाधिकारी दिलीप मुक्कड़ दिलीप मुक्कड़ सहित पुलिस टीमों ने घटनास्थल पर एफएसएल और एमओबी की मदद से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और शुरुआती जांच में ही यह संकेत मिल गया कि बिना किसी करीबी की मिलीभगत के इतनी बड़ी चोरी संभव नहीं है।

इसके बाद तकनीकी सर्विलांस, आसपास के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल टावर के बीटीएस डेटा और कॉल डिटेल रिकॉर्ड का विश्लेषण किया गया। जांच में पहली मंजिल पर रहने वाले भतीजे मनीष खंडेलवाल उर्फ मोनी (47) मनीष खंडेलवाल और उसकी पत्नी दीप्ति खंडेलवाल उर्फ डोली (43) दीप्ति खंडेलवाल की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं।

पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उन्होंने बताया कि रंजिश के चलते उन्होंने वारदात से एक दिन पहले ही चाचा के कमरे की चाबी चुपके से चुरा ली थी। 30 जून को जब पूरा परिवार खाटूश्यामजी दर्शन के लिए गया, तो उन्होंने मौके का फायदा उठाकर नीचे के कमरे का लॉक खोला और ड्रेसिंग रूम की अलमारी से 15 किलो चांदी की सिल्लियां, सोने-हीरे के जेवरात और 5 लाख रुपये नकद चोरी कर अपने कमरे में छिपा दिए।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर उनके कमरे की तलाशी ली, जहां से चोरी की गई चाबी, 15 किलो चांदी की सिल्लियां, 5 लाख रुपये नकद और सभी सोने-हीरे के जेवरात पूरी तरह सुरक्षित बरामद कर लिए गए। इस कार्रवाई में आदर्श नगर थाना टीम के साथ-साथ जिला स्पेशल टीम की भी अहम भूमिका रही, जिसमें थानाधिकारी दिलीप मुक्कड़, सहायक उपनिरीक्षक भूरी सिंह व पवन कुमार, महिला हेड कांस्टेबल कमलेश, कांस्टेबल मुकेश कुमार, धनपाल, राम लाल, रघुनाथ खोजी और बाबूलाल शामिल रहे। वहीं डीएसटी टीम से प्रभारी शंकर सिंह रावत, हेड कांस्टेबल महिपाल सिंह, कांस्टेबल जितेंद्र सिंह, मुकेश टांडी, रामनिवास, कालूराम गुर्जर, राजेश बिजारनिया और चालक कांस्टेबल ईश्वर ने भी तकनीकी और मैदानी स्तर पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस पूरे मामले का खुलासा पुलिस की तेज़ और समन्वित जांच के चलते महज चार दिनों के भीतर हो गया, जिसमें घरेलू रिश्तों के भीतर छिपे लालच और रंजिश का बड़ा चेहरा सामने आया।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story