रेलवे प्रशासन ने ग्रीष्मावकाश के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या और अतिरिक्त यातायात दबाव को देखते हुए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। यात्रियों की सुविधा हेतु संचालित की जा रही अजमेर-रांची-अजमेर साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा के मार्ग में आंशिक परिवर्तन करते हुए न केवल इसके संचालन समय में संशोधन किया गया है, बल्कि अब यह ट्रेन अतिरिक्त स्टेशनों पर भी ठहराव करेगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी साझा करते हुए बताया कि इस विशेष रेलसेवा के फेरों और समय सारणी को अंतिम रूप दे दिया गया है।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार, गाडी संख्या 09619, अजमेर-रांची साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा आगामी 17 अप्रैल 2026 से 10 जुलाई 2026 तक कुल 13 ट्रिप संचालित की जाएगी। यह ट्रेन अजमेर से प्रत्येक शुक्रवार को रात्रि 23.05 बजे प्रस्थान करेगी, जो अगले दिन जयपुर स्टेशन पर 01.25 बजे पहुंचकर 01.35 बजे आगे के लिए रवाना होगी और रविवार सुबह 07.30 बजे रांची पहुंचेगी। इसी क्रम में वापसी दिशा में गाडी संख्या 09620, रांची-अजमेर साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा 19 अप्रैल 2026 से 12.07.2026 तक 13 ट्रिप हेतु संचालित होगी। यह ट्रेन रांची से प्रत्येक रविवार सुबह 10.50 बजे रवाना होकर सोमवार दोपहर 15.55 बजे जयपुर पहुंचेगी तथा 16.05 बजे वहां से प्रस्थान कर शाम 18.35 बजे अजमेर अपने गंतव्य पर पहुंचेगी।

यह रेलसेवा अपने निर्धारित मार्ग में किशनगढ़, जयपुर, दुर्गापुरा, सवाईमाधोपुर, सोगरिया, बारां, छबड़ा गुगोर, रूठियाई, गुना, सागर, दमोह, कटनी मुरवाडा, ब्योहारी, सिंगरौली, ओबरा डैम, चोपन, रेणुकूट, गढ़वा रोड, डालटनगंज, बरवाडीह, लातेहार, टोरी एवं लोहरदगा जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहराव करेगी। यात्रियों की आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने हेतु इस गाड़ी की संरचना में 02 सैकण्ड एसी, 05 थर्ड एसी, 07 द्वितीय शयनयान, 04 साधारण श्रेणी एवं 02 गार्ड डिब्बों सहित कुल 20 कोच शामिल किए गए हैं। रेलवे के इस कदम से ग्रीष्मकालीन छुट्टियों में राजस्थान से झारखंड के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story