अजमेर पुलिस ने नौ माह से लापता बालिका को नई दिल्ली से दस्तयाब किया
ऑपरेशन खुशी-11 के तहत 300 सीसीटीवी फुटेज और 2286 मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच के बाद कश्मीरी गेट स्थित एनजीओ से हुई बरामदगी, बाल दिवस पर परिजनों को सौंपा।

अजमेर पुलिस की टीम ने ऑपरेशन खुशी-11 के तहत नौ माह से लापता बालिका को नई दिल्ली से दस्तयाब किया।
नौ माह से लापता एक बालिका की तलाश आखिरकार नई दिल्ली में पूरी हुई। अपनी पहचान छिपाकर नाम-पता बदलने वाली इस बालिका को अजमेर जिला पुलिस ने कड़ी मशक्कत और व्यापक तकनीकी जांच के बाद कश्मीरी गेट स्थित एक एनजीओ से दस्तयाब कर लिया। बालिका की तलाश और दस्तयाबी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। बाल दिवस के अवसर पर पुलिस ने बालिका को उसके परिजनों से मिलवाकर लंबे समय से बिछड़े परिवार के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौटा दी।
महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार राजस्थान पुलिस की ओर से गुमशुदा एवं लापता नाबालिग बच्चों की तलाश और पुनर्स्थापना के लिए विशेष अभियान ऑपरेशन खुशी-11 चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस थाना गांधीनगर, किशनगढ़ की टीम ने यह सफलता हासिल की है।
अजमेर पुलिस अधीक्षक श्री हर्षवर्धन अग्रवाला ने 15 नवम्बर को जयपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 19 फरवरी 2026 को बालिका के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद उसकी तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (सिविल राइट्स एवं एएचटीयू) के निर्देशन में संचालित ऑपरेशन खुशी-11 के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. लालचन्द कायल के निर्देशन, पुलिस उप अधीक्षक किशनगढ़ शहर श्री धर्मराज चौधरी के निकटतम सुपरविजन तथा थानाधिकारी श्री अनिल कुमार शर्मा के नेतृत्व में टीम ने लगातार प्रयास किए।
बालिका की तलाश के लिए पुलिस ने राजस्थान के जयपुर, खाटूश्यामजी, अलवर, कोटा, कोटपूतली, नागौर, सीकर, चूरू, जोधपुर, अजमेर और टोंक सहित अनेक जिलों में सघन अभियान चलाया। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के बरेली एवं आगरा, नई दिल्ली, भोपाल और रतलाम सहित विभिन्न शहरों में भी तलाश की गई। पुलिस टीम ने धार्मिक स्थलों, शिक्षण संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, बालिका गृहों, बाल कल्याण समितियों, सखी वन स्टॉप सेंटर, बचपन बचाओ संस्थाओं और स्वयंसेवी संगठनों से संपर्क कर बालिका के संबंध में जानकारी जुटाई।
जांच के दौरान पुलिस ने बालिका की संभावित आवाजाही के रास्तों पर लगे 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। वहीं, थाना गांधीनगर और साइबर सेल अजमेर की तकनीकी टीमों ने करीब 2286 संदिग्ध मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) का विश्लेषण किया। इंस्टाग्राम, स्नैपचैट सहित विभिन्न सोशल मीडिया मंचों पर भी लगातार निगरानी रखी गई।
तकनीकी साक्ष्यों और आसूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अलग-अलग कड़ियों को जोड़ते हुए बालिका की तलाश नई दिल्ली तक पहुंचाई। कश्मीरी गेट क्षेत्र में बालिका के अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर रहने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने भेष बदलकर सर्च अभियान शुरू किया। टीम ने आईएसबीटी, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजारों और चाय की दुकानों के आसपास लगातार रेकी की और तलाश जारी रखी।
लगातार निगरानी, तकनीकी विश्लेषण और सूचनाओं के समन्वय के बाद 14 नवंबर 2026 को पुलिस टीम को सफलता मिली। बालिका को नई दिल्ली के कश्मीरी गेट स्थित किलकारी रेनबो होम फॉर गर्ल्स फाउंडेशन से दस्तयाब कर लिया गया। जांच में सामने आया कि बालिका ने अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर नाम और पता बदल लिया था तथा इसी पहचान के साथ एनजीओ में रह रही थी।
नौ माह से बेटी की प्रतीक्षा कर रहे परिजनों के लिए बाल दिवस का दिन विशेष खुशी लेकर आया। पुलिस ने बालिका को सकुशल दस्तयाब करने के बाद उसके परिवार से मिलवाया। लंबे समय से जारी तलाश के समाप्त होने के साथ ही परिवार को अपनी बेटी वापस मिल गई। यह कार्रवाई राजस्थान पुलिस की ओर से गुमशुदा नाबालिग बच्चों की तलाश और उन्हें परिवार तक पहुंचाने के लिए चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि रही।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी श्री अनिल कुमार शर्मा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम के श्री आशीष गहलोत, सहायक उप निरीक्षक, साइबर सेल; श्री सीताराम राजावत, कांस्टेबल 2318, थाना गांधीनगर और श्री अभय सिंह, कांस्टेबल 2848, साइबर सेल की विशेष भूमिका रही। इनके अतिरिक्त श्री प्रेमचन्द कांस्टेबल 2132, श्री सुरेन्द्र कांस्टेबल 893 और श्री पूरणमल कांस्टेबल 1682 ने भी बालिका की तलाश और दस्तयाबी में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

