अजमेर में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान के लिए चलाए जा रहे पुलिस अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स ने 29वीं कार्रवाई करते हुए एक 35 वर्षीय युवक को दस्तयाब किया है। दरगाह क्षेत्र से पकड़े गए जाहिदुल उर्फ जाहिद ने प्रारंभिक पूछताछ में बांग्लादेशी नागरिक होने और वर्ष 2011 में अवैध रूप से सीमा पार कर भारत में प्रवेश करने की बात स्वीकार की है। इस कार्रवाई के बाद अजमेर जिले में अब तक दस्तयाब किए गए संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों की संख्या 67 हो गई है।

महानिदेशक पुलिस राजस्थान राजीव कुमार शर्मा और अजमेर रेंज आईजी डॉ. रवि के निर्देशों पर जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के नेतृत्व में जिले में अवैध रूप से निवास कर रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर एवं मुख्यालय हिमांशु जांगिड़ के निर्देशन तथा वृत्ताधिकारी दरगाह हर्षित शर्मा के नेतृत्व में सीआईडी जोन अजमेर के साथ विशेष टीम गठित की गई है।

अभियान के तहत गठित टीम ने मुखबिरों से मिली सूचनाओं, तकनीकी साधनों और अन्य जानकारियों के आधार पर दरगाह क्षेत्र सहित विभिन्न संभावित स्थानों पर तलाश की। पुलिस ने दरगाह बाजार, जालियान कब्रिस्तान, अंदरकोट, नई सड़क, तारागढ़ की पहाड़ी, सिलावट मोहल्ला, बड़े पीर का चिल्ला, लंगर खाना गली, चश्मा-ए-नूर तारागढ़, त्रिपोलिया गेट, सोहले खंभा, झालरा और लाखन कोटड़ी में संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी जुटाई।

इस दौरान टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को डिटेन कर पूछताछ की। उसने अपना नाम जाहिदुल उर्फ जाहिद (35) पुत्र मोहम्मद रूबिजलहक, निवासी गांव बोयरापारा, थाना धवनगंज, जिला जमालपुर विभाग मेमनसिंह, बांग्लादेश बताया। इसके बाद दरगाह थाना पुलिस और सीआईडी जोन की टीम उसे थाना दरगाह लेकर पहुंची, जहां उससे पूछताछ की गई।

प्रारंभिक पूछताछ में जाहिदुल ने बताया कि उसने वर्ष 2011 में बांग्लादेश के बेनापोल बॉर्डर से अवैध रूप से भारत में प्रवेश किया था। इसके बाद वह पश्चिम बंगाल से ट्रेन के जरिए दिल्ली पहुंचा, जहां करीब छह माह तक रहा। फिर हरिद्वार में लगभग एक वर्ष तक खानाबदोश के रूप में जीवनयापन किया।

पूछताछ के अनुसार, वर्ष 2013-14 में वह अजमेर दरगाह शरीफ पहुंचा और यहां भी खानाबदोश के रूप में रहने लगा। इस दौरान वह बेंगलुरु, पुणे, दिल्ली और गुजरात सहित विभिन्न स्थानों पर करीब दो-तीन वर्ष तक रहा। इसके बाद वह दोबारा अजमेर लौट आया। पुलिस के अनुसार, उसने स्वयं को बांग्लादेशी नागरिक बताते हुए अवैध रूप से सीमा पार कर भारत आने की बात स्वीकार की है। फिलहाल उससे इस संबंध में गहन पूछताछ जारी है।

इस कार्रवाई में टीम प्रभारी वृत्ताधिकारी दरगाह हर्षित शर्मा, टीम सह प्रभारी एवं थानाधिकारी दरगाह दिनेश जीवनानी, सीआईडी जोन अजमेर के निरीक्षक नरेन्द्र कुमार शर्मा, हेड कांस्टेबल सुमेर कुमार तथा कांस्टेबल मुकेश, नाथूराम और सुमेर सिंह शामिल रहे। कार्रवाई में कांस्टेबल मुकेश, नाथूराम और सुमेर सिंह का विशेष योगदान रहा। अजमेर पुलिस के इस अभियान के तहत अब तक 67 संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को दस्तयाब किया जा चुका है, जबकि पकड़े गए युवक से उसके भारत में प्रवेश और विभिन्न स्थानों पर रहने के संबंध में पूछताछ जारी है।

Next Story