अजमेर में अवैध बांग्लादेशी परिवार गिरफ्तार, पुलिस की कार्रवाई
दरगाह क्षेत्र में रह रहे पांच सदस्यीय परिवार को पुलिस ने दस्तयाब किया। अजमेर में अवैध प्रवासियों पर 28वीं कार्रवाई के तहत अब तक कुल 66 लोग पकड़े गए हैं।

अजमेर में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला पुलिस ने एक और बांग्लादेशी परिवार को दस्तयाब किया है। पुलिस ने 63 वर्षीय माजीद अली, उसकी पत्नी, दो पुत्रों और एक पुत्री सहित परिवार के कुल पांच सदस्यों को डिटेन किया है। अवैध बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ अजमेर पुलिस की यह 28वीं कार्रवाई है।
जिला पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने दरगाह क्षेत्र और आसपास के संभावित ठिकानों पर सघन तलाश तथा आसूचना संकलन के बाद इस परिवार को दस्तयाब करने में सफलता हासिल की। दरगाह बाजार, तारागढ़ और लाखन कोटड़ी सहित विभिन्न इलाकों में की गई तलाश के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली, जिसके आधार पर कार्रवाई को अंजाम दिया गया। इस अभियान में जिला पुलिस एवं सीआईडी जोन अजमेर की संयुक्त टीम शामिल रही।
पुलिस पूछताछ में परिवार ने वर्ष 2007 में पश्चिम बंगाल के हिल्ली बॉर्डर से अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने की बात स्वीकार की है। इसके बाद परिवार करीब दो वर्ष तक दिल्ली में रहा और वर्ष 2009-10 में अजमेर आ गया। यहां परिवार दरगाह क्षेत्र में खानाबदोश के रूप में रह रहा था। पुलिस ने सभी पांच सदस्यों को पुलिस थाना दरगाह में डिटेन कर गहन पूछताछ शुरू कर दी है।
अजमेर पुलिस के अनुसार, अब तक अवैध रूप से रह रहे कुल 66 बांग्लादेशी नागरिकों को दस्तयाब किया जा चुका है। महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा और आईजी अजमेर रेंज डॉ. रवि के निर्देशन में एसपी अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाला के नेतृत्व में यह विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान करने और नियमानुसार उनके निष्कासन की कार्रवाई के लिए अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

