विदेशी महिला का आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने पर अजमेर पुलिस ने तीन आरोपी डिटेन किए
अजमेर में इजरायली महिला पर्यटक का बिना अनुमति आपत्तिजनक वीडियो बनाकर वायरल करने के मामले में पुलिस ने मध्यप्रदेश के माचलपुर से तीन आरोपियों को डिटेन किया। मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में जांच जारी है।

तस्वीर में अजमेर पुलिस द्वारा डिटेन किए गए तीनों आरोपी खड़े नजर आ रहे हैं।
जयपुर, 30 सितंबर। विदेशी पर्यटकों के साथ बदसलूकी के मामलों में राजस्थान पुलिस की अजमेर में लगातार दूसरे दिन कार्रवाई जारी रही। इजरायली महिला पर्यटक का बिना अनुमति आपत्तिजनक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को मध्यप्रदेश के माचलपुर से डिटेन किया है।
पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक इजरायली महिला पर्यटक का बिना अनुमति आपत्तिजनक वीडियो बनाकर वायरल करने की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। संदिग्ध सोशल मीडिया अकाउंट और मोबाइल से संबंधित तकनीकी जानकारी जुटाई गई। इसके बाद CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
जिला सोशल मीडिया सेल, अजमेर के संज्ञान में यह मामला 9 सितम्बर 2026 को आया था। पुलिस टीम तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर माचलपुर, जिला राजगढ़ (मध्यप्रदेश) पहुंची और तीनों आरोपियों को डिटेन किया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों की इंस्टाग्राम आईडी की जांच की गई। पुलिस के अनुसार, जांच में आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करना पाया गया। मामले में प्रकरण संख्या 246/26 दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है। प्रकरण में धारा 75(2), 75(3), 77, 79, 296(बी), 352 एवं 3(5) बीएनएस लगाई गई हैं।
डिटेन किए गए आरोपियों की पहचान अर्जुन गुर्जर (30), दयाराम (30) एवं जुझार गुर्जर (25), निवासी माचलपुर, मध्यप्रदेश के रूप में हुई है।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर एवं मुख्यालय हिमांशु जागीड के सुपरविजन तथा वृत्ताधिकारी दरगाह हर्षित शर्मा के निर्देशन में थाना गंज की विशेष टीम ने की।
एसपी अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाला ने कहा कि महिलाओं की निजता एवं गरिमा से खिलवाड़ तथा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध अजमेर पुलिस की सख्त एवं त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।

