अजमेर मण्डल के अजमेर-पालनपुर रेलखण्ड पर चल रहे महत्वपूर्ण निर्माण कार्य के चलते रेल यातायात पर व्यापक असर पड़ा है। जवाली-रानी स्टेशनों के मध्य ब्रिज संख्या 633 व 634 पर आरसीसी बॉक्स डालने हेतु लिया गया ब्लॉक अब यात्रियों के लिए असुविधा का कारण बनेगा, जिससे कई रेलसेवाएं रद्द, मार्ग परिवर्तित और रीशड्यूल की गई हैं।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार उक्त कार्य के कारण संचालित रेलसेवाएं प्रभावित रहेंगी। गाड़ी संख्या 14821, जोधपुर-साबरमती एक्सप्रेस रेलसेवा दिनांक 23.04.26 व 24.04.26 को अपने प्रारम्भिक स्टेशन से रद्द रहेगी, जबकि गाड़ी संख्या 14822, साबरमती-जोधपुर एक्सप्रेस रेलसेवा दिनांक 24.04.26 व 25.04.26 को रद्द रहेगी।

इसके अतिरिक्त, कई ट्रेनों के मार्ग में भी बदलाव किया गया है। गाड़ी संख्या 14701, श्रीगंगानगर-बान्द्रा टर्मिनस रेलसेवा जो दिनांक 23.04.26 को श्रीगंगानगर से प्रस्थान करेगी, वह परिवर्तित मार्ग अजमेर-चित्तौडगढ-रतलाम-वडोदरा होकर संचालित होगी और मार्ग परिवर्तन के कारण भीलवाडा, चित्तौडगढ, नीमच, मंदसौर स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

गाड़ी संख्या 20943, बान्द्रा टर्मिनस-भगत की कोठी रेलसेवा जो दिनांक 23.04.26 को बान्द्रा टर्मिनस से प्रस्थान करेगी, वह महेसाना-भीलडी-लूनी होकर संचालित होगी तथा पाटन, भीलड़ी, मारवाड़ भीनमाल, जालोर, समदड़ी स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 20694, बैगलुरू-जोधपुर रेलसेवा जो दिनांक 22.04.26 को बैगलुरू से प्रस्थान करेगी और गाड़ी संख्या 20496, हडपसर-जोधपुर रेलसेवा जो दिनांक 23.04.26 को हडपसर से प्रस्थान करेगी, दोनों ही महेसाना-भीलडी-लूनी मार्ग से संचालित होंगी और उक्त स्टेशनों पर ठहराव करेंगी।

रीशड्यूल के तहत गाड़ी संख्या 19411, गांधीनगर कैपिटल-दौलतपुर चौक रेलसेवा दिनांक 24.04.26 को अपने निर्धारित समय से 01 घंटे 30 मिनट की देरी से प्रस्थान करेगी, जबकि गाड़ी संख्या 19223, साबरमती-जम्मूतवी रेलसेवा उसी दिन 01 घंटे की देरी से रवाना होगी।

अजमेर-पालनपुर रेलखंड पर चल रहे इस कार्य का सीधा प्रभाव यात्रियों की यात्रा योजनाओं पर पड़ेगा, जिससे उन्हें यात्रा से पहले नवीनतम जानकारी लेकर ही प्रस्थान करना आवश्यक होगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story