हरिपुर स्टेशन को मिली बड़ी सौगात, अजमेर-मैसूरू द्वि-साप्ताहिक ट्रेन का मिलेगा ठहराव; ब्यावर में समय सारिणी भी बदली
अजमेर-मैसूरू-अजमेर द्वि-साप्ताहिक रेल सेवा को हरिपुर स्टेशन पर प्रायोगिक ठहराव देने का रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। साथ ही ब्यावर स्टेशन पर ट्रेन के आगमन और प्रस्थान समय में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं।

रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। रेलवे प्रशासन ने अजमेर-मैसूरू-अजमेर द्वि-साप्ताहिक रेल सेवा को हरिपुर स्टेशन पर प्रायोगिक आधार पर ठहराव प्रदान करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही इस महत्वपूर्ण रेल सेवा के ब्यावर स्टेशन पर संचालन समय में भी आंशिक परिवर्तन किया गया है। रेलवे के इस निर्णय से हरिपुर क्षेत्र के यात्रियों को सीधे तौर पर लाभ मिलने की उम्मीद है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार गाड़ी संख्या 16209 अजमेर-मैसूरू द्वि-साप्ताहिक रेलसेवा को 26 जून 2026 से हरिपुर स्टेशन पर ठहराव दिया जाएगा। यह ट्रेन हरिपुर स्टेशन पर सुबह 07:22 बजे पहुंचेगी तथा 07:24 बजे प्रस्थान करेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 16210 मैसूरू-अजमेर द्वि-साप्ताहिक रेलसेवा, जो 23 जून 2026 से मैसूरू से रवाना होगी, हरिपुर स्टेशन पर दोपहर 12:30 बजे पहुंचेगी और 12:32 बजे प्रस्थान करेगी।
रेलवे प्रशासन ने इस रेल सेवा के ब्यावर स्टेशन पर संचालन समय में भी आंशिक संशोधन किया है। परिवर्तित समय के अनुसार गाड़ी संख्या 16209 अजमेर-मैसूरू द्वि-साप्ताहिक रेलसेवा 26 जून 2026 से ब्यावर स्टेशन पर सुबह 06:53 बजे पहुंचेगी तथा 06:55 बजे प्रस्थान करेगी। वहीं गाड़ी संख्या 16210 मैसूरू-अजमेर द्वि-साप्ताहिक रेलसेवा 23 जून 2026 से ब्यावर स्टेशन पर दोपहर 12:58 बजे पहुंचेगी और 13:00 बजे रवाना होगी।
रेलवे द्वारा हरिपुर स्टेशन पर दिए गए इस प्रायोगिक ठहराव और समय-सारिणी में किए गए बदलाव को क्षेत्रीय यात्रियों की सुविधा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आगामी आदेशों तक लागू रहने वाली यह व्यवस्था यात्रियों को बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
