जयपुर 7 अक्टूबर। शिक्षा विभाग से फर्जी तरीके से अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति प्राप्त करने के मामले में क्लॉक टावर थाना पुलिस ने पश्चिम बंगाल से 63 वर्षीय आरोपी मोहम्मद अलाउद्दीन को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मोहम्मद अलाउद्दीन पुत्र शहारूद्दीन, निवासी नयाबाड़ी, थाना चोपड़ा, जिला उत्तर दिनाजपुर, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार पीएसपी पोर्टल पर निजी संस्थानों के माध्यम से फर्जी आवेदन कर छात्रवृत्ति राशि प्राप्त करने के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी की गई है। प्रकरण में शामिल अन्य संदिग्ध आरोपियों की तलाश और अनुसंधान जारी है।

पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर एवं मुख्यालय हिमांशु जांगीड़ तथा पुलिस उप अधीक्षक वृत्त दक्षिण मनीष बडगुजर के निकट सुपरविजन में थानाधिकारी क्लॉक टावर भीखाराम काला के नेतृत्व में छात्रवृत्ति फर्जीवाड़े के आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई।

मामला जिला शिक्षा अधिकारी दर्शना शर्मा की ओर से क्लॉक टावर थाने में दी गई रिपोर्ट के बाद सामने आया। रिपोर्ट में बताया गया कि संदिग्ध छात्रों ने पीएसपी पोर्टल का उपयोग करते हुए निजी संस्थानों के माध्यम से अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन किए और फर्जी तरीके से छात्रवृत्ति राशि प्राप्त की। रिपोर्ट के आधार पर थाना क्लॉक टावर में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।

अनुसंधान के दौरान शिक्षा विभाग से संदिग्ध खाताधारकों और छात्रवृत्ति आवेदनों से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई। छात्रवृत्ति राशि प्राप्त करने वाले और आवेदन करने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के बाद उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस उप अधीक्षक वृत्त दक्षिण और थाना क्लॉक टावर की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम को पश्चिम बंगाल एवं बिहार भेजा गया।

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए छात्रवृत्ति की राशि प्राप्त करने के मामले में आरोपी मोहम्मद अलाउद्दीन को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य संदिग्ध आरोपियों की तलाश कर रही है और अनुसंधान जारी है।

कार्रवाई में थानाधिकारी भीखाराम काला, सहायक उप निरीक्षक भागचन्द, सहायक उप निरीक्षक सुवालाल, सहायक उप निरीक्षक गीता, कांस्टेबल ब्रिजेश पाल एवं कांस्टेबल देशराज शामिल रहे। मामले में पुलिस की कार्रवाई से ऑनलाइन आवेदन के माध्यम से अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति राशि प्राप्त करने के आरोपों की जांच आगे बढ़ रही है।

Next Story