अजमेर में हार्डकोर अपराधी पर बड़ी कार्रवाई, 25 बीघा चारागाह भूमि अतिक्रमण मुक्त
अजमेर में हार्डकोर अपराधी खुशीराम फौजी के कब्जे से करीब 25 बीघा चारागाह भूमि अतिक्रमण मुक्त कराने की बड़ी कार्रवाई जारी है।

तस्वीर में बांदर सिंदरी में चारागाह भूमि पर अतिक्रमण हटाने के दौरान कार्रवाई करती जेसीबी और पुलिस बल नजर आ रहा है।
अजमेर SP हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन में राजस्थान पुलिस द्वारा हार्डकोर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत आज बड़ी कार्रवाई की जा रही है। थाना बांदर सिंदरी के हिस्ट्रीशीटर एवं हार्डकोर अपराधी खुशीराम फौजी के कब्जे से करीब 25 बीघा चारागाह भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई जारी है।
जानकारी के अनुसार, गांव खंडाच के पास स्थित चारागाह भूमि पर खुशीराम फौजी ने अतिक्रमण कर रखा था। इसी अतिक्रमण को हटाने के लिए राजस्व विभाग द्वारा पुलिस जाप्ते की मौजूदगी में कार्रवाई की जा रही है।
अतिक्रमित चारागाह भूमि का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 3 करोड़ रुपए आंका गया है। कार्रवाई किशनगढ़ ग्रामीण सीओ आयुष वशिष्ठ के नेतृत्व में हो रही है।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और मौके पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। हार्डकोर अपराधी के कब्जे से करीब 25 बीघा चारागाह भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की यह कार्रवाई प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के रूप में जारी है।

