अजमेर से दौंड और बांद्रा के बीच स्पेशल ट्रेनें अब होंगी नियमित
उत्तर पश्चिम रेलवे ने स्पेशल रेलसेवाओं को नियमित सुपरफास्ट और साप्ताहिक ट्रेनों में बदला, राजस्थान, एमपी और महाराष्ट्र के यात्रियों को मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी।

जयपुर/अजमेर। रेलवे प्रशासन द्वारा रेल यात्रियों की सुखद और सुविधाजनक यात्रा हेतु एक बेहद महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। लंबे समय से विशेष ट्रेन के रूप में संचालित हो रही गाडी संख्या 09625/09626, अजमेर-दौड़-अजमेर स्पेशल रेलसेवा तथा गाडी संख्या 09621/09622, अजमेर-बान्द्रा टर्मिनस-अजमेर स्पेशल रेलसेवाओं को अब पूर्णतः नियमित रेलसेवाओं के रूप में संचालित करने की घोषणा की गई है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इन दोनों महत्वपूर्ण रेलसेवाओं के नियमित होने से राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को सीधी कनेक्टिविटी और सुगम परिवहन का लाभ मिलेगा।
इस निर्णय के तहत पहली नियमित सेवा गाडी संख्या 20991, अजमेर-दौंड साप्ताहिक सुपरफास्ट रेलसेवा आगामी दिनांक 21.05.26 से प्रत्येक गुरूवार को अजमेर से शाम 16.45 बजे रवाना होगी, जो जयपुर स्टेशन पर शाम 18.40 बजे आगमन कर व 18.50 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन शाम को 19.10 बजे दौंड पहुॅचेगी। इसी प्रकार वापसी में गाडी संख्या 20992, दौंड-अजमेर साप्ताहिक सुपरफास्ट रेलसेवा दिनांक 22.05.26 से प्रत्येक शुक्रवार को दौंड से रात्रि 23.10 बजे रवाना होकर अगले दिन जयपुर स्टेशन पर रात्रि 20.55 बजे आगमन व 21.05 बजे प्रस्थान कर रात्रि 23.40 बजे अजमेर पहुॅचेगी। यह सुपरफास्ट रेलसेवा अपने निर्धारित मार्ग में किशनगढ, जयपुर, सवाईमाधोपुर, कोटा, रामगंज मण्डी, भवानी मण्डी, नागदा, रतलाम, दाहोद, गोधरा, वडोदरा, भरूच, सूरत, वलसाड, वापी, बोईसर, बसई रोड, पनवेल, लोनावला व पुणे स्टेशनों पर ठहराव करेगी। रेलवे ने इस गाड़ी की कोच संरचना में भी चरणबद्ध बदलाव तय किया है, जिसके तहत दिनांक 28.05.26 तक इस गाडी में 01 सैकण्ड एसी, 06 थर्ड एसी, 07 द्वितीय शयनयान, 02 साधारण श्रेणी व 02 गार्ड डिब्बे सहित कुल 18 डिब्बें होगें, तथा इसके बाद दिनांक 04.06.26 से इस गाडी में 01 सैकण्ड एसी, 06 थर्ड एसी, 05 द्वितीय शयनयान, 04 साधारण श्रेणी व 02 गार्ड डिब्बे सहित कुल 18 डिब्बें शामिल किए जाएंगे।
इसी कड़ी में दूसरी नियमित सेवा के रूप में गाडी संख्या 19625, अजमेर-बान्द्रा टर्मिनस साप्ताहिक रेलसेवा दिनांक 24.05.26 से प्रत्येक रविवार को अजमेर से सुबह 06.35 बजे रवाना होकर जयपुर स्टेशन पर सुबह 08.30 बजे आगमन व 08.40 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सोमवार को अलसुबह 04.20 बजे बान्द्रा टर्मिनस पहुॅचेगी। विपरीत दिशा में गाडी संख्या 19626, बान्द्रा टर्मिनस-अजमेर साप्ताहिक रेल सेवा दिनांक 25.05.26 से प्रत्येक सोमवार को बान्द्रा टर्मिनस से सुबह 08.35 बजे रवाना होकर अगले दिन जयपुर स्टेशन पर सुबह 06.20 बजे आगमन व 06.30 बजे प्रस्थान कर सुबह 09.10 बजे अजमेर पहुॅचेगी। यह ट्रेन अपने सफर के दौरान किशनगढ, जयपुर, सवाईमाधोपुर, कोटा, रामगंज मण्डी, भवानी मण्डी, विक्रमगढ आलोट, रतलाम, वडोदरा, सूरत, वलसाड, वापी व बोरीवली स्टेशनों पर रुकेगी। इस गाड़ी में यात्रियों की सुविधा हेतु कुल 19 डिब्बें होगें, जिनमें 01 सैकण्ड एसी, 04 थर्ड एसी, 01 थर्ड एसी इकोनोमी, 07 द्वितीय शयनयान, 04 द्वितीय साधारण श्रेणी, 01 पॉवर कार एवं 01 गार्ड डिब्बा शामिल रहेगा। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए विशेष नोट जारी कर बताया है कि इस रेलसेवा में दिनांक 31.05.26 तक 01 द्वितीय शयनयान श्रेणी का अतिरिक्त डिब्बा अस्थाई तौर पर उपलब्ध कराया जा रहा है ताकि ग्रीष्मकालीन सीजन में यात्रियों को बर्थ की किल्लत न हो। रेलवे का यह कदम बुनियादी यात्री सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
