अजमेर जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की झूठी धमकी देकर दहशत फैलाने वाले आरोपी को अजमेर जिला पुलिस ने गुजरात के गिर सोमनाथ जिले से गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। आरोपी ने फर्जी ई-मेल आईडी के माध्यम से न्यायालय की आधिकारिक ई-मेल पर धमकी भरा संदेश भेजा था। फिलहाल आरोपी पुलिस रिमांड पर है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि 17 जुलाई 2026 को जिला एवं सत्र न्यायालय, अजमेर की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर एक धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की बात लिखी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय प्रशासन की ओर से 19 जुलाई 2026 को सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इसके बाद धारा 353(1)(बी) बीएनएस एवं 66(एफ) आईटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले के खुलासे के लिए महानिरीक्षक पुलिस अजमेर रेंज डॉ. रवि एवं पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़ तथा वृत्ताधिकारी उत्तर शिवम जोशी के सुपरविजन में सिविल लाइंस थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।

जांच के दौरान साइबर सेल ने फर्जी ई-मेल की तकनीकी जांच, डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण तथा आसूचना संकलन के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने फलदू हार्दिक पुत्र रमेशचंद्र पटेल (40), निवासी प्रभास पाटन, थाना सोमनाथ, जिला गिर सोमनाथ, गुजरात को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, इस पूरे ब्लाइंड केस का खुलासा साइबर तकनीक और आसूचना के समन्वित उपयोग से संभव हो सका। कार्रवाई में सिविल लाइंस थानाधिकारी शंभू सिंह, साइबर सेल प्रभारी पुलिस निरीक्षक विजय सिंह, सहायक उप-निरीक्षक प्रवीण चौधरी व मनीराम, हेड कांस्टेबल जगदीश तथा कांस्टेबल राजकुमार, अजीत सिंह और अजय मीना की विशेष और सराहनीय भूमिका रही। पुलिस आरोपी से पुलिस रिमांड के दौरान मामले से जुड़े सभी पहलुओं पर गहन पूछताछ कर रही है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story