देश के बैंकिंग क्षेत्र के कर्मचारियों और सहकारी बैंकिंग व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक मंथन के साथ ऑल इंडिया बैंक एम्प्लॉईज एसोसिएशन (एआईबीईए) का 30वां राष्ट्रीय अधिवेशन बेंगलुरु में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। देश की सबसे पुरानी और सबसे बड़ी बैंक ट्रेड यूनियन के रूप में पहचान रखने वाले एआईबीईए के इस ऐतिहासिक सम्मेलन में देशभर से लगभग 2000 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

राजस्थान प्रदेश बैंक एम्प्लॉईज यूनियन के प्रांतीय उप महासचिव एवं बैंक कर्मचारी नेता सूरज भान सिंह आमेरा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिनिधि सत्र का आयोजन साथी राजन नागर की अध्यक्षता में हुआ। सम्मेलन में कारगिल से कन्याकुमारी तक विभिन्न राज्यों से वाणिज्यिक बैंक, सहकारी बैंक, ग्रामीण बैंक, निजी बैंक तथा विदेशी बैंकों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

राजस्थान से सहकार नेता सूरज भान सिंह आमेरा, आर.जी. शर्मा, रामावतार शर्मा, महेश शर्मा, एम.एस. भटेजा, नरपत गहलोत, राहुल पांडे, रविकांत शर्मा, रविदीप चतुर्वेदी, टी.सी. झालानी, मेघा मलिक, शिखा बंसल, रामबाबू गुप्ता सहित विभिन्न बैंकों के 55 प्रतिनिधियों ने सम्मेलन में भागीदारी निभाई।

प्रतिनिधि सत्र के दौरान बैंक कर्मचारियों और बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई तथा अनेक प्रस्तावों को भारी बहुमत से अनुमोदित किया गया। इनमें बैंक कर्मचारियों के लिए पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने, पार्ट-टाइम एवं संविदा कर्मचारियों को नियमित करने, पर्याप्त भर्ती सुनिश्चित करने, सहकारी बैंकों में टू-टियर बैंकिंग व्यवस्था लागू करने, केंद्रीय सहकारी बैंकों के पुनर्गठन, ग्रामीण बैंकों के विलय, महिला कर्मचारियों को चाइल्ड केयर लीव प्रदान करने, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, ग्रेच्युटी की सीमा बढ़ाकर 25 लाख रुपये करने, सभी शाखाओं में महिला शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा निजीकरण और आउटसोर्सिंग पर रोक लगाने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल रहे।

सम्मेलन के दौरान एआईबीईए के राष्ट्रीय पदाधिकारियों का चुनाव भी संपन्न हुआ। चुनाव में आंध्र प्रदेश के बी.एस. रामबाबू को अध्यक्ष तथा तमिलनाडु के सी.एच. वेंकटचलम को महासचिव निर्वाचित किया गया। इसके अलावा दिल्ली के जे.पी. शर्मा, महाराष्ट्र के एन. शंकर, पश्चिम बंगाल के पार्थ चंदा तथा गुजरात के जनक रावल को उपाध्यक्ष चुना गया। इंद्रनील मित्रा को सचिव, सी.आर. कुमारन को कोषाध्यक्ष तथा 11 संयुक्त सचिवों का भी निर्वाचन किया गया।

सम्मेलन के समापन अवसर पर राजस्थान के बैंक कर्मचारी नेता महेश मिश्रा और सहकार नेता सूरज भान सिंह आमेरा ने नवनिर्वाचित राष्ट्रीय पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संगठन की मजबूती, एकता और बैंक कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए उनके सफल नेतृत्व की कामना की। यह अधिवेशन बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े कर्मचारियों की मांगों और भविष्य की रणनीति तय करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story