राजस्थान के व्यापार जगत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की दिशा में जयपुर में “एआई व्यापारम् 2026” संगोष्ठी का आयोजन किया गया। राइट कोड सोसाइटी द्वारा तथा मार्कनप्रे के सहयोग से आयोजित इस संगोष्ठी का उद्देश्य राजस्थान के व्यापारिक समुदाय को एआई की संभावनाओं, व्यावहारिक उपयोग और बदलती कारोबारी जरूरतों से जोड़ना रहा।

जयपुर के एम.आई. रोड स्थित राजस्थान चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री में आयोजित इस बिजनेस एवं तकनीकी संगोष्ठी में राजस्थान के प्रमुख बी2सी व्यवसायी, उद्यमी, उद्योग प्रतिनिधि तथा विभिन्न व्यापार मंडलों और व्यावसायिक संगठनों से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. आशुतोष पंत के मार्गदर्शन और डॉ. आदित्य नाग के सहयोग से किया जा रहा है।

इस पहल का नेतृत्व राइट कोड सोसाइटी के अध्यक्ष गौरव शर्मा तथा महासचिव, राइट कोड सोसाइटी एवं बांसवाड़ा चैम्बर ऑफ कॉमर्स के अजीत कौशिक ने किया। वहीं, मार्कनप्रे के सीईओ विक्रिम जैन एवं जीएम ऑपरेशन्स विनीत जोशी ने संगोष्ठी को सहयोग दिया।

बदलती वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों के बीच व्यापार अब केवल अनुभव, पूंजी और पारंपरिक कार्यशैली तक सीमित नहीं रह गया है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तेजी से कारोबार की कार्यप्रणाली, निर्णय लेने की प्रक्रिया, ग्राहक व्यवहार, उत्पादकता और विकास की संभावनाओं को बदल रहा है। इसी बदलाव को राजस्थान के व्यापार समुदाय तक सहज, व्यावहारिक और प्रभावी रूप में पहुंचाने के उद्देश्य से “एआई व्यापारम् 2026” की शुरुआत की गई।

इस पहल की पृष्ठभूमि 31 मई 2026 को जयपुर में आयोजित “राजस्थान एआई समिट 2026” की सफलता से जुड़ी है। इस आयोजन के माध्यम से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की संभावनाओं, भविष्य की तकनीकों तथा समाज और अर्थव्यवस्था में उनकी भूमिका को व्यापक मंच प्रदान किया गया था। इसी विचारधारा को अब सीधे व्यापार और उद्यमिता से जोड़ते हुए “एआई व्यापारम् 2026” के माध्यम से एक नया अध्याय शुरू किया जा रहा है। इसका केंद्र एआई को केवल तकनीकी चर्चा का विषय न मानकर व्यापार वृद्धि, दक्षता, प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता और भविष्य की रणनीति के व्यावहारिक माध्यम के रूप में स्थापित करना है।

“एआई व्यापारम् 2026” का मूल उद्देश्य व्यापारियों को एआई फ्रेंडली से एआई एमपॉवर्ड बनाना है। संगोष्ठी के माध्यम से व्यापारियों को यह समझाने का प्रयास किया गया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस केवल बड़ी तकनीकी कंपनियों और विशेषज्ञों तक सीमित विषय नहीं है। छोटे और मध्यम व्यवसायों से लेकर स्थापित व्यापारिक प्रतिष्ठानों तक एआई का उपयोग ग्राहक सेवा, मार्केटिंग, डेटा विश्लेषण, खर्च नियंत्रण, कार्य दक्षता और व्यापार विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

संगोष्ठी में विशेषज्ञों ने पारंपरिक व्यापारिक अनुभव और आधुनिक एआई तकनीक के बीच सार्थक सामंजस्य स्थापित करने पर विचार रखा। चर्चा का केंद्र यह रहा कि एआई के प्रभावी उपयोग के माध्यम से व्यवसाय को अधिक सक्षम, प्रतिस्पर्धी और भविष्य के अनुरूप कैसे बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम में जयपुर एवं राजस्थान के विभिन्न व्यापारिक संगठनों से जुड़े वरिष्ठ पदाधिकारी, व्यापारी, उद्यमी और उद्योग जगत के प्रतिनिधि एक मंच पर उपस्थित हुए। उन्होंने एआई के माध्यम से व्यापार में उत्पन्न हो रही नई संभावनाओं, चुनौतियों और व्यावहारिक उपयोग पर विचार-विमर्श किया। जयपुर व्यापार मंडल तथा राजस्थान दुकानदार महासंघ से जुड़े प्रतिनिधियों की सहभागिता ने इस संवाद को व्यापारिक स्तर से जोड़ा। कार्यक्रम में जयपुर व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुभाष गोयल एवं सचिव सुरेश सैनी सहित व्यापार जगत के अन्य गणमान्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

आयोजकों का मानना है कि भारत जैसे युवा एवं तेजी से विकसित होते राष्ट्र में एआई को केवल तकनीकी परिवर्तन के रूप में नहीं, बल्कि आर्थिक सशक्तिकरण, उद्यमिता और व्यापारिक नवाचार के महत्वपूर्ण साधन के रूप में देखने की आवश्यकता है।

“एआई व्यापारम् 2026” को राजस्थान के व्यापार समुदाय को भविष्य की तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक पहल के रूप में प्रस्तुत किया गया। इसका उद्देश्य व्यापारियों के मन में एआई को लेकर मौजूद जटिलताओं और संदेह को दूर कर यह समझाना है कि बदलती तकनीक के साथ सामंजस्य स्थापित कर व्यापार को आने वाले समय में अधिक सुदृढ़, आधुनिक और प्रतिस्पर्धी बनाया जा सकता है। यह आयोजन पारंपरिक बिजनेस इंटेलिजेंस और आधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के मिलन का मंच बना, जहां अनुभव को तकनीक का साथ और व्यापार को भविष्य की नई दिशा देने पर जोर दिया गया।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story