जयपुर: श्री अग्रसेन महाविद्यालय में पुरातन छात्र सम्मेलन आयोजित
agrasen-college-alumni-meet-jamdoli-jaipur

जयपुर के जामडोली स्थित श्री अग्रसेन स्नातकोत्तर शिक्षा महाविद्यालय में आयोजित पुरातन छात्र सम्मेलन 2026 के उद्घाटन सत्र के दौरान मंच पर आसीन मुख्य अतिथि इन्द्रचन्द गुप्ता, विशिष्ट अतिथि डाॅ. अख्तर रिजवी, केशव विद्यापीठ के अध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता एवं अन्य गणमान्य पदाधिकारी।
जयपुर। जामडोली स्थित केशव विद्यापीठ के श्री अग्रसेन स्नातकोत्तर शिक्षा महाविद्यालय में 13 मई 2026 को पुरातन छात्र समिति के तत्वावधान में 'पुरातन छात्र सम्मेलन-2026' का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रसिद्ध समाजसेवी एवं यूको बैंक के सेवानिवृत्त जिला प्रबन्धक श्री इन्द्रचन्द गुप्ता, विशिष्ट अतिथि राजस्थान सरकार के अल्पसंख्यक मामलात विभाग के सहायक निदेशक डाॅ. अख्तर रिजवी तथा केशव विद्यापीठ समिति के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम अध्यक्ष श्री ओमप्रकाश गुप्ता द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया।
इस गरिमामय अवसर पर केशव विद्यापीठ समिति के सचिव श्री मेघसिंह चैहान एवं महाविद्यालय प्रबन्ध समिति के अध्यक्ष श्री महेन्द्र कुमार अग्रवाल की विशिष्ट उपस्थिति रही। मंच पर महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. रीटा शर्मा, उप प्राचार्य डाॅ. सतीश चन्द मंगल, पुरातन छात्र परिषद् के अध्यक्ष डाॅ. बी.के. गुप्ता, सचिव प्रो. मुदित राठौड़ एवं कोषाध्यक्ष डाॅ. रेवत सिंह आसीन रहे। प्राचार्य प्रो. रीटा शर्मा ने संस्थान का प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए महाविद्यालय का विस्तृत परिचय दिया, वहीं पुरातन छात्र परिषद् के अध्यक्ष डाॅ. बी.के. गुप्ता ने परिषद के उद्देश्यों एवं गतिविधियों से अवगत कराया।
मुख्य अतिथि श्री इन्द्रचन्द गुप्ता ने अपने संबोधन में मानवीय जीवन के तीन महत्वपूर्ण पक्षों—शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास के लिए नैतिक जीवन मूल्यों की महत्ता पर विशेष बल दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे श्री ओमप्रकाश गुप्ता ने सम्मेलन के दूरगामी उद्देश्यों को रेखांकित करते हुए पुरातन छात्रों को अपनी मातृ-संस्था के विकास में सक्रिय योगदान देने तथा निरंतर जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया। उद्घाटन सत्र के समापन पर प्रो. मुदित राठौड़ ने सभी आगंतुकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
सम्मेलन की विशेषता यह रही कि इसमें वर्ष 1982-83 से लेकर वर्तमान सत्र तक के पूर्व विद्यार्थी सम्मिलित हुए, जिन्होंने अपनी पेशेवर जीवन यात्रा और महाविद्यालय के सुनहरे अनुभवों को साझा किया। सांस्कृतिक सत्र के दौरान पूर्व छात्रों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को स्मरणीय बना दिया। समारोह के अंत में संस्थान की ओर से सभी पूर्व छात्रों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। संपूर्ण कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन डाॅ. राजेन्द्र शर्मा द्वारा किया गया, जबकि इस भव्य सम्मेलन के सफल आयोजन में कार्यक्रम प्रभारी डॉ. मुदित राठौड़ की मुख्य भूमिका रही।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
