जयपुर। उत्कृष्टता किसी एक उपलब्धि का नाम नहीं, बल्कि निरंतर आत्मविकास की प्रक्रिया है। जीवन का वास्तविक उद्देश्य तभी सार्थक होता है जब व्यक्ति स्वयं को प्रतिदिन बेहतर बनाने का प्रयास करे और अपने अस्तित्व के उद्देश्य को पहचान सके। इसी विचार के साथ देश के प्रख्यात शिक्षाविद् एवं प्रेरक वक्ता प्रो. डॉ. रमेश अरोड़ा ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को जीवन मूल्यों, आत्मविकास और संतुलित व्यक्तित्व निर्माण का संदेश दिया।

आदर्श विद्या मंदिर सीबीएसई इंग्लिश मीडियम के कंप्यूटेक्स ऑडिटोरियम में आयोजित प्रेरक सत्र को संबोधित करते हुए प्रो. अरोड़ा ने कहा कि जीवन में दो दिन सबसे महत्वपूर्ण होते हैं— पहला, जब मनुष्य जन्म लेता है और दूसरा, जब उसे यह समझ आता है कि वह क्यों जन्मा है। उन्होंने उत्कृष्टता को एक निरंतर यात्रा बताते हुए कहा कि इसे प्राप्त करने के लिए प्रतिदिन सजग प्रयास आवश्यक हैं।

अपने संबोधन में उन्होंने जीवन की तुलना इंद्रधनुष से करते हुए कहा कि जैसे इंद्रधनुष सात रंगों से मिलकर बनता है, उसी प्रकार जीवन भी सात आयामों से पूर्ण होता है— शारीरिक विकास, मानसिक उत्थान, भावनात्मक संतुलन, आध्यात्मिक एवं नैतिक श्रेष्ठता, पारिवारिक स्नेह, सामाजिक उपयोगिता और व्यावसायिक उत्कृष्टता। उन्होंने कहा कि इन सभी पक्षों में संतुलन ही व्यक्ति को संपूर्ण बनाता है।


प्रो. अरोड़ा ने संस्कृत वाक्य “शरीरमाद्यं खलु धर्मसाधनम्” का उल्लेख करते हुए कहा कि शरीर ही सभी कर्तव्यों और लक्ष्यों की प्राप्ति का मूल साधन है, इसलिए स्वास्थ्य के प्रति नियमित जागरूकता आवश्यक है। मानसिक विकास के संदर्भ में उन्होंने विद्यार्थियों को प्रज्ञावान और धैर्यवान बनने की प्रेरणा देते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में निरंतर कर्म और संयम ही आगे बढ़ने का मार्ग बनाते हैं।

भावनात्मक संतुलन पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और आशावाद को जीवन की आधारशिला बताया। इस दौरान उन्होंने स्वामी विवेकानंद और रविन्द्र नाथ टैगोर के उदाहरणों के माध्यम से प्रेम, श्रद्धा, विश्वास और शांति के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि अशांत मन कभी वास्तविक सुख प्राप्त नहीं कर सकता तथा प्रतिदिन आत्ममूल्यांकन करने वाला व्यक्ति ही असाधारण उपलब्धियों तक पहुंचता है।

आध्यात्मिक और नैतिक जीवन पर विचार रखते हुए प्रो. अरोड़ा ने कहा कि अपने ईष्ट के प्रति अटूट आस्था व्यक्ति को नैतिकता, धैर्य और विपरीत परिस्थितियों से संघर्ष करने की शक्ति प्रदान करती है। वहीं पारिवारिक जीवन के संदर्भ में उन्होंने कहा कि रिश्ते बराबरी के हिसाब से नहीं, बल्कि समर्पण और देने की भावना से मजबूत होते हैं। जहां तुलना और संतुलन का भाव आता है, वहां संबंधों में दूरी बढ़ने लगती है।

सामाजिक जीवन पर उन्होंने अच्छे मित्रों को व्यक्ति की सबसे बड़ी संपत्ति बताते हुए समाज के प्रति सेवा, सहयोग और समय देने की भावना विकसित करने का आह्वान किया। व्यावसायिक जीवन के संदर्भ में उन्होंने कहा कि सफलता केवल आर्थिक उपलब्धि नहीं है, बल्कि समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाना भी उसका महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसी संदर्भ में उन्होंने वॉरेन बफेट और बिल गेट्स द्वारा समाजहित में किए गए दान का उल्लेख किया।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में कभी अभिमान को स्थान नहीं देना चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति के भीतर निहित दिव्यता को पहचानना और विकसित करना ही वास्तविक सफलता का मार्ग है। उन्होंने समय के सदुपयोग और लक्ष्य की दिशा में निरंतर प्रयास करने का संदेश देते हुए द्वेष, ईर्ष्या और प्रतिशोध जैसे नकारात्मक भावों से दूर रहने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम के प्रारंभ में प्रबंध समिति के अजय गुप्ता ने स्वागत उद्बोधन देते हुए बताया कि आदर्श विद्या मंदिर सीबीएसई इंग्लिश मीडियम का यह प्रथम शैक्षणिक सत्र है। उन्होंने विद्यालय की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके पूर्व विद्यार्थियों में 300 से अधिक चिकित्सक, 1000 से अधिक इंजीनियर, 100 से अधिक चार्टर्ड अकाउंटेंट तथा 300 से अधिक प्रशासनिक एवं राजकीय सेवा अधिकारी शामिल हैं।

सीबीएसई प्रधानाचार्य सुनयना नागपाल ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रो. अरोड़ा के प्रेरक विचार विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए दीर्घकालिक मार्गदर्शन सिद्ध होंगे। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य राजेंद्र गुप्ता ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर वंदना मेहरोत्रा, अजय गुप्ता, राजीव गुप्ता, राजन सिंह, तुलसी संगतानी, पं. राज शर्मा सहित विद्यालय परिवार, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों को ‘विजयी व्यक्तित्व’ पुस्तक भी भेंट की गई।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story