आचार्य विशद सागर जी महाराज का ससंघ पिपलाई की धरा पर प्रथम मंगल प्रवेश
पिपलाई में दिगम्बर जैन समुदाय ने भव्य स्वागत किया और मुनि संघ ने भगवान महावीर स्वामी के दर्शन कर विहार धाम के लिए भूमि का निरीक्षण किया।

पिपलाई के दिगम्बर जैन मंदिर में दर्शन और ध्यान करते हुए क्षमा मूर्ति आचार्य विशद सागर जी महाराज के ससंघ मुनिराज।
क्षमा मूर्ति श्रमण आचार्य विशद सागर जी महाराज के ससंघ का पिपलाई की धरा पर पहली बार प्रवेश होते ही क्षेत्र धार्मिक आस्था और उत्साह से सराबोर हो उठा। इस ऐतिहासिक अवसर पर पिपलाई का जैन समुदाय स्वयं को धन्य मानते हुए स्वागत में उमड़ पड़ा, जहां दिगम्बर जैन मन्दिर के प्रवक्ता बृजेन्द्र कुमार जैन एवं मन्दिर कमेटी के पदाधिकारियों को पादप्रक्षालन का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
उल्लेखनीय है कि सन् 2006 में दिगम्बर जैन मन्दिर के जीर्णोद्धार के दौरान मुख्य वेदी भगवान महावीर स्वामी के पंचकल्याणक का आयोजन परम पूज्य आचार्य 108 विशद सागर जी महाराज के ससंघ द्वारा जयपुर के महारानी फॉर्म स्थित गायत्री नगर में किया गया था। वही ससंघ अब विहार करते हुए पहली बार पिपलाई पहुंचा, जिसे स्थानीय समाज ने बड़े सौभाग्य का विषय बताया। प्रवेश उपरांत श्रमणों ने दिगम्बर जैन मन्दिर में वर्तमान शासन नायक भगवान महावीर स्वामी, भगवान पार्श्वनाथ और भगवान शांतिनाथ के दर्शन कर ध्यान किया।
राजस्थान सरकार के संकल्प पत्र के अनुरूप जैन समुदाय के श्रमणों के पैदल विहार, ठहराव और चातुर्मास के दौरान आहार, निहार एवं प्रवचन के लिए चिन्हित भूमि का निरीक्षण भी किया गया। इस दौरान श्रमण आचार्य विलक्ष्य सागर जी महाराज और विशाल सागर जी महाराज ने पिपलाई में स्थल का अवलोकन कर विहार धाम निर्माण हेतु आशीर्वाद प्रदान किया।
आचार्य विशद सागर जी महाराज की शिष्या आर्यिका श्री भक्ति भारती माताजी ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खेड़ली में विद्यार्थियों को प्रवचन दिया। उन्होंने करियर के विभिन्न विकल्पों पर विस्तार से चर्चा करते हुए विद्यार्थियों को तनाव प्रबंधन के उपाय बताए। साथ ही देवाधिदेव भगवान ऋषभदेव के शिक्षा क्षेत्र में योगदान की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर समाधि सम्राट श्रमण गणचार्य विराग सागर जी महाराज के शिष्य क्षमा मूर्ति श्रमण आचार्य विशद सागर जी महाराज, श्रमण विपिन सागर जी महाराज, श्रमण विलक्ष्य सागर जी महाराज, श्रमण विभोर सागर जी महाराज, श्रमण विशाल सागर जी महाराज, आर्यिका भक्ति भारती माताजी, क्षुल्लक विसोम सागर जी, क्षुल्लिका वात्सल्य भारती माताजी और आस्था जी माताजी का पावन सान्निध्य पिपलाई और खेड़ली के श्रावकों को प्राप्त हुआ, जिससे क्षेत्र में हर्ष का वातावरण बना।
श्रमणों के विहार के दौरान सवाईमाधोपुर जिला प्रशासन की सक्रिय भूमिका भी प्रमुख रूप से सामने आई। पैदल विहार, ठहराव, निहार, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के समुचित प्रबंधन को लेकर प्रशासन की तत्परता पर आचार्य विशद सागर जी महाराज के संघ ने संतोष व्यक्त किया और जिले तथा प्रदेश की निरंतर उन्नति एवं खुशहाली का आशीर्वाद प्रदान किया।
पिपलाई प्रवेश के पश्चात श्रमण संघ के आहार एवं ठहरने की व्यवस्था खेड़ली गांव में सोन्या गुर्जर और दिलीप गुर्जर के आवास पर की गई, जिसमें स्थानीय ग्रामीणों ने सक्रिय सहयोग दिया। इस सहयोग के लिए जैन समुदाय ने गुर्जर समाज के प्रति आभार प्रकट किया। यह आयोजन धार्मिक समन्वय, प्रशासनिक सहभागिता और सामाजिक सहयोग का सशक्त उदाहरण बनकर उभरा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
