अभिलाषा वुमेन वेलफेयर सोसाइटी ने गर्मी में बांटे 101 पक्षी परिंडे और लगाई प्याऊ
जयपुर के एम आई रोड पर राहगीरों के लिए प्याऊ शुरू की गई और पर्यावरण संरक्षण के तहत लोगों को पक्षियों के लिए परिंडे वितरित किए गए।

जयपुर के एम आई रोड स्थित शनि देव मंदिर के बाहर आयोजित कार्यक्रम में प्याऊ का उद्घाटन और परिंडे वितरित करतीं डॉ रमा माथुर, डॉ अंटू सक्सेना, कल्पना माथुर, जया कल्ला व अन्य सदस्य।
भीषण गर्मी के बीच जनसेवा और जीव-जंतुओं के संरक्षण का संदेश देते हुए अभिलाषा वुमेन वेलफेयर सोसाइटी ने एम आई रोड स्थित शनि देव मंदिर के बाहर प्याऊ लगाई, जिससे राहगीरों को पीने के पानी की सुविधा मिल सके। इसी के साथ सोसाइटी ने पक्षियों के लिए परिंडे बांधने और वितरित करने का अभियान भी चलाया।
कार्यक्रम के तहत सोसाइटी द्वारा पक्षियों के लिए परिंडे लगाए गए तथा राहगीरों को भी परिंडे वितरित किए गए। कुल मिलाकर 101 परिंडे बांटे गए, जिससे अधिक से अधिक लोग अपने आसपास पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था कर सकें।
सोसाइटी की अध्यक्ष डॉ रमा माथुर ने बताया कि भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि सोसाइटी के सदस्यों ने लोगों को भी परिंडे लगाने के लिए प्रेरित किया, ताकि इस अभियान का दायरा व्यापक हो सके।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सोसाइटी की ओर से प्याऊ लगाने तथा पक्षियों के लिए परिंडे बांटने का कार्य हर वर्ष नियमित रूप से किया जाता है, जिससे समाज में सेवा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बनी रहे।
इस अवसर पर सोसाइटी के अन्य पदाधिकारी डॉ अंटू सक्सेना, कल्पना माथुर, जया कल्ला और अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। यह पहल न केवल गर्मी से राहत प्रदान करती है, बल्कि समाज को जल संरक्षण और जीवों के प्रति संवेदनशीलता का भी संदेश देती है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
