जयपुर। एमपीएस इंटरनेशनल स्कूल में ‘ग्रैंडपेरेंट्स डे’ का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें अनुभव, स्नेह, आशीर्वाद और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि समाजसेवी एवं गौ सेवक शिवरतन चितलांगिया, विशिष्ट अतिथि मेयर सौम्या गुर्जर, विद्याधर नगर स्थित कृष्णधाम वृद्धाश्रम की ‘गोल्डन जेनरेशन’ के सदस्य, ईसीएमएस अध्यक्ष उमेश सोनी, उपाध्यक्ष निर्मल दरगड़, महासचिव शिक्षा कमल सोमानी, एमपीएस तिलक नगर के भूतपूर्व प्रधानाचार्य घनश्याम सोनी तथा ईसीएमएस के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत दीप प्रज्वलन, गणपति पूजन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत श्रीराम स्तुति ने अतिथियों का स्वागत करते हुए सभागार में एक भव्य और पावन वातावरण स्थापित किया। प्राथमिक कक्षाओं के नन्हें-मुन्ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत आर्केस्ट्रा, सुमधुर गीत, भजन, नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दादा–दादियों का मन मोह लिया और कार्यक्रम को और भी जीवंत बना दिया।

मुख्य अतिथि शिवरतन चितलांगिया ने अपने उद्बोधन में पारिवारिक मूल्यों, संस्कारों और बुजुर्गों के मार्गदर्शन को जीवन की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि दादा–दादी का अनुभव और स्नेह नई पीढ़ी के चरित्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वहीं मेयर सौम्या गुर्जर ने विद्यालय में विद्यार्थियों को दिए जा रहे संस्कारों की खुले दिल से प्रशंसा की।

कार्यक्रम की अगली कड़ी में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत 'शिव तांडव स्तोत्रम्' ने सनातन संस्कृति के प्रति गहन आस्था और जुड़ाव को दर्शाया। दादा–दादियों के लिए आयोजित मनोरंजक खेल और अंत्याक्षरी ने पूरे सभागार को उत्साह और उल्लास से भर दिया। डांस-ड्रामा की मनोहारी प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चाँद लगाए। खेल प्रतियोगिताओं में विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर दादा–दादियों द्वारा अपने जीवन के अनुभव साझा करना कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा, जिससे विद्यार्थियों को जीवन मूल्यों और संस्कारों का अमूल्य संदेश प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय सचिव राधामोहन कचोलिया और भवन मंत्री गोविंद मालपानी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं सहभागियों का आभार व्यक्त किया। प्राचार्या मंजू शर्मा ने कहा कि देश की भावी पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में बुजुर्गों का स्नेह, आशीर्वाद, अनुभव और संस्कार एक सुदृढ़ आधारशिला का कार्य करते हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story