जैसलमेर-जोधपुर हाईवे पर मंगलवार की दोपहर को एक निजी बस में आग लगने से 20 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, हादसा इतना भयावह था कि बस में बैठे कई लोग अपनी जान बचाने के लिए खिड़कियों से कूदते हुए भागे। बस में कुल 57 यात्री सवार थे।

पुलिस ने बताया कि बस जैसलमेर से करीब 3 बजे रवाना हुई थी। जैसे ही बस हाईवे पर पहुँची, पीछे के हिस्से से धुआँ उठना शुरू हो गया। चालक ने बस को सड़क किनारे रोकने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही क्षणों में आग ने वाहन को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। वहीं फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचित किया गया।

प्राथमिक जांच के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना की विडंबना यह रही कि हादसे में फंसी बस को सिर्फ पांच दिन पहले खरीदा गया था। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा भी देर रात जैसलमेर पहुंचे और उन्होंने मौके पर जाकर बस का निरीक्षण किया।

हादसे में 15 यात्री गंभीर रूप से झुलस गए, जिनमें चार महिलाएँ और दो बच्चे शामिल हैं। कुछ घायलों के शरीर के 70 प्रतिशत तक हिस्से पर गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें पहले जैसलमेर के जवाहर अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में उन्नत इलाज के लिए जोधपुर रेफर किया गया।

इस त्रासदी ने सेतरावा के लवारन गांव को भी झकझोर कर रख दिया। महेंद्र मेघवाल और उनके पूरे परिवार की मौत हो गई। महेंद्र जैसलमेर गोला बारूद डिपो में कार्यरत थे और इंद्रा कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहे थे। उनके पति-पत्नी और तीनों बच्चे आग की भेंट चढ़ गए, जिससे पूरे परिवार का अस्तित्व समाप्त हो गया।

हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का संचालन किया। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, हादसा तकनीकी कारणों से हुआ, लेकिन जांच का काम जारी है।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story