जयपुर: रामगढ़ मोड़ पर ओम श्री राम भरोसे मंदिर द्वारा प्रसादी वितरण
भीषण गर्मी में यात्रियों और राहगीरों को ठंडा शरबत, भोजन और विशेष प्रसादी वितरित कर मानवता की सेवा का संदेश दिया गया।

रामगढ़ मोड़ स्थित बस स्टैंड पर आयोजित सेवा शिविर में संयोजक राजों देवी और समाजसेवी दौलत त्रिलोकानी राहगीरों को प्रसादी वितरित करते हुए।
जयपुर। भीषण गर्मी के प्रकोप के बीच मानवता की सेवा का अनुपम उदाहरण पेश करते हुए आज रामगढ़ मोड़ स्थित बस स्टैंड पर 'ओम श्री राम भरोसे मंदिर सुदाम कुटी' द्वारा विशाल प्रसादी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंदिर प्रबंधन की ओर से आयोजित इस सेवा शिविर में राहगीरों को भीषण तपिश से राहत दिलाने के लिए ठंडा शरबत, लड्डू, पूड़ी-सब्जी, समोसे एवं विशेष प्रसादी का वितरण कर जन-सेवा का संकल्प दोहराया गया।
कार्यक्रम की मुख्य भूमिका निभाते हुए संयोजक राजों देवी ने बताया कि इस सेवा कार्य के मुख्य अतिथि युवा जागृति संगठन के अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध समाजसेवी दौलत त्रिलोकानी रहे, जिनके सानिध्य में राहगीरों को ससम्मान प्रसादी ग्रहण कराई गई। इस पुनीत कार्य में नरेश चंद्र, अश्विनी शर्मा, राधा शरण, अनमोल, विजयराजे, अंश मुकंद, करन अलवानी, अन्नय शर्मा, राधिका, रेणु मिश्रा और रागिनी सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अपनी सेवाएं अर्पित कीं। चिलचिलाती धूप में बस स्टैंड पर मौजूद यात्रियों और राहगीरों के लिए यह आयोजन न केवल भूख-प्यास मिटाने का माध्यम बना, बल्कि सामाजिक समरसता और धार्मिक सेवा भाव का प्रतीक भी सिद्ध हुआ। मंदिर द्वारा आयोजित इस व्यापक वितरण कार्यक्रम की स्थानीय निवासियों और यात्रियों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
