विजनप्रो स्मार्ट चश्मा: रुहेलखंड यूनिवर्सिटी के एआई चश्मे को स्टैनफोर्ड में मिला अवार्ड
रुहेलखंड विश्वविद्यालय के प्रोफेसर और उनकी टीम ने दृष्टिबाधित लोगों के लिए एआई आधारित विजनप्रो स्मार्ट चश्मा तैयार किया है, जिसे स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी में पीपुल्स च्वाइस अवार्ड मिला है।

तस्वीर में दिख रहे प्रोफेसर एआई चश्मे के साथ, जिसे स्टैनफोर्ड में अवार्ड मिला।
बरेली। दृष्टिबाधित लोगों की जिंदगी को आसान और अधिक आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बरेली के रुहेलखंड विश्वविद्यालय की टीम ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय के कंप्यूटर साइंस विभागाध्यक्ष प्रो. विनय ऋषिवाल की टीम ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित स्मार्ट चश्मा 'विजनप्रो' विकसित किया है। अमेरिका की स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय तकनीकी प्रतियोगिता में इस नवाचार को पीपुल्स च्वाइस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। दुनिया के अलग-अलग देशों से चुनी गई 13 टीमों के बीच भारतीय टीम को यह सम्मान मिला।
ई-वियर-एक्स प्राइज 2026 के तहत आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में सिंगापुर, चीन, जापान की क्योटो यूनिवर्सिटी, नीदरलैंड, जर्मनी और अमेरिका की टीमों ने भी अपने तकनीकी नवाचार प्रस्तुत किए। भारतीय टीम में रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कंप्यूटर साइंस विभागाध्यक्ष प्रो. विनय ऋषिवाल के अलावा न्यूयॉर्क की कैंडर टेक लैब्स के संस्थापक मुनीर खान और देहरादून स्थित यूपीईएस के कंप्यूटर साइंस विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. मोहम्मद साकिब शामिल रहे। टीम को बायोटेक ओपन पिच श्रेणी में दर्शकों की पसंद का पुरस्कार मिला।
विजनप्रो की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह कैमरे और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से उपयोगकर्ता को आसपास मौजूद वस्तुओं की जानकारी देने में सक्षम है। सामान्य चश्मे से अलग इसमें आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इसमें लगे कैमरे के जरिए सामने आने वाली वस्तुओं की पहचान की जा सकती है। इसके साथ ही किताबों, कागजात और अन्य लिखित सामग्री को पढ़कर आवाज के माध्यम से सुनाने की सुविधा भी दी गई है। इससे दृष्टिबाधित व्यक्ति अपने आसपास की परिस्थितियों और वस्तुओं को बेहतर ढंग से समझ सकता है।
इस स्मार्ट चश्मे में केवल आवाज ही नहीं, बल्कि कंपन यानी वाइब्रेशन के जरिए भी जरूरी सूचनाएं देने की व्यवस्था की गई है। उपयोगकर्ता बिना किसी स्क्रीन को देखे इन संकेतों को महसूस कर सकता है। इस तकनीक का उद्देश्य दृष्टिबाधित लोगों के रोजमर्रा के कामों में दूसरों पर निर्भरता कम करना और उन्हें अधिक आत्मनिर्भर बनाना है।
विजनप्रो के जरिए टीम ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता और आधुनिक सेंसर तकनीक को सामाजिक जरूरतों के अनुरूप उपयोगी उपकरण के रूप में प्रस्तुत किया है। इसका मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों के सामने आने वाली चुनौतियों को कम करने वाली तकनीक विकसित करना है। स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में मिला पीपुल्स च्वाइस अवॉर्ड इस भारतीय नवाचार को वैश्विक मंच पर मिली पहचान को दर्शाता है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
