अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय राजनीति में हलचल मचा दी है। रविवार को सीबीएस न्यूज़ को दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने दावा किया कि पाकिस्तान और उत्तर कोरिया गुप्त रूप से अंडरग्राउंड परमाणु परीक्षण कर रहे हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि रूस और चीन जैसे देश भी परीक्षण कर रहे हैं बस खुलकर बात नहीं करते।

ट्रंप ने कहा, “रूस और चीन परीक्षण कर रहे हैं, लेकिन वे इसके बारे में बोलते नहीं। हम एक खुला समाज हैं, इसलिए जब हम कुछ करते हैं तो पूरी दुनिया जानती है। उनके यहां ऐसे पत्रकार नहीं हैं जो सच्चाई लिखें।” पूर्व राष्ट्रपति ने अपने बयान में स्पष्ट किया कि अगर दूसरे देश लगातार परमाणु परीक्षण कर रहे हैं, तो अमेरिका को भी चुप नहीं बैठना चाहिए। “हमारे पास दुनिया के सबसे ज़्यादा परमाणु हथियार हैं। हम परीक्षण नहीं करते, लेकिन जब बाकी सब कर रहे हैं तो मुझे लगता है की हमारे लिए भी यह उचित है।"

उन्होंने यह भी जोड़ा कि रूस द्वारा हाल ही में किए गए ‘पोसाइडन अंडरवाटर ड्रोन’ के परीक्षण पर अमेरिका को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। ट्रंप के अनुसार, “रूस ने खुले तौर पर अपने परीक्षणों की घोषणा की है, उत्तर कोरिया लगातार परीक्षण कर रहा है और पाकिस्तान भी गुप्त रूप से ऐसा कर रहा है। ऐसे में हम अकेले क्यों रुकें?” ट्रंप ने आगे कहा कि अमेरिका के पास दुनिया को “150 बार नष्ट करने के लिए पर्याप्त परमाणु हथियार” हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर अन्य देश अपने हथियारों की ताकत बढ़ा रहे हैं, तो वॉशिंगटन को भी पीछे नहीं रहना चाहिए।

हालांकि, ट्रंप ने परमाणु निरस्त्रीकरण को “महत्वपूर्ण कदम” बताया, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि मौजूदा हालात में अमेरिका को अपनी सुरक्षा और ताकत का प्रदर्शन करना होगा। “परमाणु निरस्त्रीकरण एक बेहतरीन बात होगी, लेकिन जब बाकी देश नियम नहीं मान रहे, तो हमें भी हकीकत में रहना होगा,” ट्रंप ने कहा।

ट्रंप का यह बयान उस समय आया है जब विश्व स्तर पर परमाणु तनाव फिर से बढ़ रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर अमेरिका परीक्षण शुरू करता है, तो यह तीस साल पुराने परमाणु संतुलन को हिला सकता है। वहीं, पाकिस्तान और उत्तर कोरिया पर लगाए गए ट्रंप के आरोपों ने दक्षिण एशिया में नई बहस छेड़ दी है।

Ashiti Joil

Ashiti Joil

यह प्रातःकाल में कंटेंट रायटर अँड एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। यह गए 3 सालों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इन्होंने लोकसत्ता, टाईम महाराष्ट्र, PR और हैट मीडिया में सोशल मीडिया कंटेंट रायटर के तौर पर काम किया है। इन्होंने मराठी साहित्य में मास्टर डिग्री पूर्ण कि है और अभी ये यूनिवर्सिटी के गरवारे इंस्टीट्यूड में PGDMM (Marthi Journalism) कर रही है। यह अब राजकरण, बिजनेस , टेक्नोलॉजी , मनोरंजन और क्रीड़ा इनके समाचार बनती हैं।

Next Story