नेपाल में तनाव बढ़ा ; भारत ने ठप की मैत्री बस और बॉर्डर मूवमेंट
नेपाल राजनीतिक संकट गहराया, अंतरिम सरकार बनाने पर सहमति, पूर्व चीफ जस्टिस सुशीला कार्की का नाम सबसे आगे

नेपाल में जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच अब हालात धीरे-धीरे सामान्य होते दिख रहे हैं। लेकिन नेपाल संकट अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। देश में कर्फ्यू को एक बार फिर बढ़ा दिया गया है। गुरुवार सुबह 10 बजे से लेकर शुक्रवार सुबह 7 बजे तक कर्फ्यू लागू रहेगा। प्रदर्शन फिलहाल शांत हो चुके हैं, लेकिन राजधानी काठमांडू और अन्य इलाकों में सुरक्षा बल लगातार गश्त कर रहे हैं।
Gen-Z ने सुशीला कार्की के नाम पर जताई सहमति :
नेपाल संकट के बीच सबसे बड़ी राजनीतिक हलचल तब हुई जब प्रदर्शनकारी युवाओं ने देश की पूर्व चीफ जस्टिस सुशीला कार्की को अगली प्रधानमंत्री बनाए जाने पर सहमति जताई। Gen-Z वर्ग ने साफ कहा कि अब देश को एक ऐसा नेतृत्व चाहिए जो ईमानदार और अनुभवी हो। इसी कड़ी में पूर्व चीफ जस्टिस सुशीला कार्की का नाम सामने आया है। काठमांडू के मेयर बालेन शाह ने भी सुशीला कार्की के नाम पर समर्थन जताते हुए कहा कि नेपाल को अब एक अंतरिम सरकार मिलने वाली है। यह सरकार चुनाव कराएगी और देश को नया जनादेश दिलाएगी।
बालेन शाह ने किया युवाओं से अपील :
मेयर बालेन शाह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए कहा, “प्रिय Gen-Z और सभी नेपाली नागरिकों से मेरा अनुरोध है कि इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखें। देश अभूतपूर्व दौर से गुजर रहा है और हमें मिलकर भविष्य की ओर कदम बढ़ाना होगा।” उन्होंने साफ कहा कि वे सुशीला कार्की को अंतरिम सरकार का नेतृत्व सौंपने के पक्ष में हैं।
नेपाल संकट के बीच एयरलाइंस का फैसला :
नेपाल संकट का असर अब पड़ोसी देशों तक भी पहुंच रहा है। भारत-नेपाल सीमा को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। साथ ही भारत से नेपाल जाने वाली मैत्री बस सेवा भी स्थगित कर दी गई है। इस फैसले से दोनों देशों के नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच इंडिगो एयरलाइंस ने काठमांडू के लिए विशेष विमान सेवा शुरू करने का ऐलान किया है। 11 सितंबर से इंडिगो प्रतिदिन 4 उड़ानें संचालित करेगा ताकि फंसे हुए यात्रियों को उनके प्रियजनों से मिलाया जा सके।
विपक्ष और नेताओं की राय :
नेपाल संकट को लेकर नेपाली कांग्रेस के नेता और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री प्रदीप पौडेल ने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखना सबसे ज़रूरी है। उन्होंने कहा कि देश को संवैधानिक संकट से बचाने के लिए सभी को एकजुट होना होगा। वहीं RSP की सांसद शोबिता गौतम ने संसद को भंग करने का विरोध किया। उनका कहना है कि Gen-Z की भागीदारी से अंतरिम सरकार बनाई जा सकती है, लेकिन संसद को भंग करना सही कदम नहीं होगा। इसी दौरान जेल से भागे कैदी पकड़े गए है। नेपाल संकट के बीच अफरातफरी का फायदा उठाकर कई कैदी जेल से भाग गए थे। सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने अब तक 35 कैदियों को पकड़ लिया है। इनमें से ज्यादातर कैदी उत्तर प्रदेश और बिहार की सीमा पर पकड़े गए हैं।
नेपाल संकट ने देश की राजनीति और जनजीवन दोनों को हिला कर रख दिया है। पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के इस्तीफे के बाद अब देश अंतरिम सरकार की ओर बढ़ रहा है। सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या सच में पूर्व चीफ जस्टिस सुशीला कार्की को प्रधानमंत्री बनाया जाएगा। अगर ऐसा होता है तो यह नेपाल की राजनीति में ऐतिहासिक कदम साबित होगा।

Ashiti Joil
यह प्रातःकाल में कंटेंट रायटर अँड एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। यह गए 3 सालों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इन्होंने लोकसत्ता, टाईम महाराष्ट्र, PR और हैट मीडिया में सोशल मीडिया कंटेंट रायटर के तौर पर काम किया है। इन्होंने मराठी साहित्य में मास्टर डिग्री पूर्ण कि है और अभी ये यूनिवर्सिटी के गरवारे इंस्टीट्यूड में PGDMM (Marthi Journalism) कर रही है। यह अब राजकरण, बिजनेस , टेक्नोलॉजी , मनोरंजन और क्रीड़ा इनके समाचार बनती हैं।
