रूस ने एक बार फिर अपनी सैन्य शक्ति का प्रदर्शन करते हुए दुनिया की पहली परमाणु ऊर्जा से चलने वाली क्रूज मिसाइल बुरेवस्तनिक-9M739 (Burevestnik-9M739) का सफल परीक्षण किया है। यह मिसाइल दुनिया की अब तक की सबसे उन्नत और खतरनाक हथियार तकनीकों में से एक मानी जा रही है। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पुष्टि की है कि इस मिसाइल के सभी परीक्षण पूरे हो चुके हैं और इसे अब तैनाती के लिए तैयार माना जा सकता है।


यह परीक्षण 21 अक्टूबर को किया गया था। रूसी सेना प्रमुख वैलेरी गेरेसिमोव ने बताया कि मिसाइल ने लगभग 15 घंटे तक उड़ान भरी और 14 हजार किलोमीटर की दूरी तय की। उन्होंने कहा कि यह इसकी अधिकतम सीमा नहीं है, क्योंकि परमाणु ऊर्जा से चलने की वजह से यह मिसाइल लगभग असीमित दूरी तक उड़ान भर सकती है। यानी एक बार लॉन्च होने के बाद इसे रोकना या इसका ईंधन खत्म करना लगभग असंभव होगा।


बुरेवस्तनिक-9M739 की सबसे खास बात यह है कि यह पारंपरिक क्रूज मिसाइलों की तरह किसी सामान्य ईंधन पर निर्भर नहीं रहती। इसमें एक छोटा न्यूक्लियर रिएक्टर लगाया गया है, जो इसे कई घंटों तक लगातार उड़ने की क्षमता देता है। विशेषज्ञों के अनुसार, इस तकनीक पर कई सालों से रिसर्च चल रही थी, लेकिन अब रूस ने इसे सफलतापूर्वक विकसित करके सबको चौंका दिया है।

राष्ट्रपति पुतिन ने इस मिसाइल को "अजेय हथियार" बताया और कहा कि किसी भी देश के पास ऐसी तकनीक नहीं है। उन्होंने कहा कि कई विशेषज्ञों को विश्वास नहीं था कि परमाणु ऊर्जा से चलने वाली ऐसी मिसाइल बन सकती है, लेकिन रूस ने यह कर दिखाया। उन्होंने दावा किया कि यह मिसाइल किसी भी देश के एंटी-मिसाइल सिस्टम को पार कर सकती है, क्योंकि यह उड़ान के दौरान दिशा बदलने में सक्षम है।


हालांकि रूस का कहना है कि उसने इस प्रोजेक्ट को पूरी सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय मानकों के तहत परीक्षण किया है। वहीं राष्ट्रपति पुतिन ने इसे देश की रक्षा क्षमता में ऐतिहासिक कदम बताया है। उन्होंने कहा कि यह मिसाइल रूस के वैज्ञानिकों की मेहनत और तकनीकी क्षमता का प्रतीक है।

Manyaa Chaudhary

Manyaa Chaudhary

यह 'प्रातःकाल' में एसोसिएट एडिटर के पद पर हैं। और पिछले दो वर्षों से इन्हें रिपोर्टिंग और इवेंट मैनेजमेंट का अनुभव है। इससे पहले इन्होंने 'स्वदेश न्यूज़ चैनल' में बतौर ट्रेनी रिपोर्टर काम किया है। ये विशेष रूप में मनोरंजन, स्पोर्ट्स, और क्राइम रिपोर्टिंग क्षेत्र में समर्थ हैं। अभी यह जर्नलिज्म की पढाई कर रही हैं।

Next Story