जैश कमांडर का बड़ा खुलासा ;ऑपरेशन सिंदूर में मसूद अजहर के घर मातम
ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना का प्रहार मसूद अजहर के परिवार पर टूटा कहर जैश कमांडर का बड़ा खुलासा

भारत द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर को लेकर अब नए-नए खुलासे सामने आ रहे हैं। जैश-ए-मोहम्मद के टॉप कमांडर मसूद इलियास कश्मीरी ने एक रैली में चौंकाने वाला बयान दिया है। उसने कहा कि जब भारतीय सेना ने बहावलपुर में हमला किया तो आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर का पूरा परिवार तबाह हो गया। इलियास कश्मीरी के मुताबिक, उस हमले में अजहर की पत्नी, बच्चे और अन्य परिजन टुकड़े-टुकड़े हो गए।
मसूद अजहर के परिवार की मौत का खुलासा :
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में जैश कमांडर इलियास कश्मीरी ने कहा कि 7 मई को बहावलपुर में हुए हमले के दौरान मसूद अजहर का परिवार बुरी तरह प्रभावित हुआ। उसके शब्दों में – “बेवा, बेटे और बच्चे रेजा-रेजा हो गए, सब कुछ टुकड़ों में बंट गया।” इस बयान से यह साफ होता है कि ऑपरेशन सिंदूर ने पाकिस्तान के अंदर जैश-ए-मोहम्मद को गहरी चोट पहुंचाई।
भारतीय सेना ने बनाया था जैश मुख्यालय को निशाना :
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के बहावलपुर में स्थित मरकज सुभान अल्लाह मस्जिद को जैश-ए-मोहम्मद का मुख्यालय माना जाता है। भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान इस अड्डे को निशाना बनाया था। इस हमले में न केवल संगठन का ढांचा ध्वस्त हुआ बल्कि आतंकी गतिविधियों की रीढ़ भी टूट गई। सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी ने प्रेस ब्रीफिंग में कहा था कि जैश का यही ठिकाना भारत के खिलाफ बड़े हमलों की साजिश रचने का केंद्र था।
पहलगाम हमले का जवाब था ऑपरेशन सिंदूर :
भारत ने यह कार्रवाई पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद की थी। सेना ने पाकिस्तान और पीओके में फैले नौ बड़े आतंकी ठिकानों को एक साथ ध्वस्त कर दिया। बहावलपुर के अलावा मुरीदके, सियालकोट, कोटली और मुजफ्फराबाद में भी आतंकियों के ठिकानों पर भारी बमबारी की गई। इस अटैक में सौ से ज्यादा आतंकियों के मारे जाने की पुष्टि हुई थी।
आतंकियों को भारी नुकसान :
इस ऑपरेशन के बाद पाकिस्तान के आतंकी नेटवर्क की रीढ़ टूट गई। जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा जैसे संगठनों को भारी नुकसान झेलना पड़ा। खासकर बहावलपुर स्थित मुख्यालय पर हमले ने साफ कर दिया कि भारतीय सेना किसी भी आतंकी हमले का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है। अब जब ऑपरेशन सिंदूर के बाद भी जैश कमांडर खुद यह स्वीकार कर रहा है कि मसूद अजहर का परिवार तबाह हो गया, तो यह भारत की सैन्य क्षमता का बड़ा सबूत है।
पाकिस्तान में मचा मातम :
इस खुलासे ने पाकिस्तान में हड़कंप मचा दिया है। मसूद अजहर जैसे कुख्यात आतंकी के परिवार के मारे जाने की खबर ने जैश के समर्थकों को हिलाकर रख दिया। वहीं, भारत में इसे एक बड़ी रणनीतिक सफलता माना जा रहा है। रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि ऑपरेशन सिंदूर केवल एक सैन्य कार्रवाई नहीं थी, बल्कि भारत की आतंकवाद के खिलाफ सख्त नीति का प्रतीक भी है।

Ashiti Joil
यह प्रातःकाल में कंटेंट रायटर अँड एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। यह गए 3 सालों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इन्होंने लोकसत्ता, टाईम महाराष्ट्र, PR और हैट मीडिया में सोशल मीडिया कंटेंट रायटर के तौर पर काम किया है। इन्होंने मराठी साहित्य में मास्टर डिग्री पूर्ण कि है और अभी ये यूनिवर्सिटी के गरवारे इंस्टीट्यूड में PGDMM (Marthi Journalism) कर रही है। यह अब राजकरण, बिजनेस , टेक्नोलॉजी , मनोरंजन और क्रीड़ा इनके समाचार बनती हैं।
