फ्रांस में हुए एक बड़े साइबर हमले ने सुपरमार्केट से लेकर रक्त भंडारण केंद्रों तक की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फ्रांस ने ईरान पर देश के 700 सुपरमार्केट को निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई और यूरोपीय संघ (EU) के माध्यम से प्रतिबंध लगाने की चेतावनी दी है। आरोप है कि ईरानी सेना की एक साइबर यूनिट ने अक्टूबर में सुपरमार्केट के फ्रिज और फ्रीजर की नियंत्रण प्रणाली हैक कर उनका तापमान बढ़ा दिया था। इससे बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री खराब हो गई और दुकानदारों को सामान फेंकना पड़ा।

फ्रांस के विदेश मंत्री जीन-नोएल बैरोट ने मंगलवार को इस मामले में ईरानी राजदूत को तलब करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि फ्रांस इस साइबर हमले को लेकर यूरोपीय संघ से ईरान पर प्रतिबंध लगाने की मांग करेगा। फ्रांस जवाबी कार्रवाई के सभी विकल्प खुले रखेगा। इनमें ऐसे कदम भी शामिल हैं, जिनकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की जाएगी।

बैरोट ने स्पष्ट किया कि फ्रांस का उद्देश्य भविष्य में ईरान या किसी अन्य देश को इस तरह के साइबर हमले करने से रोकना है। उन्होंने इस घटना को फ्रांस की धरती पर अब तक हुआ सबसे बड़ा और आक्रामक साइबर हमला बताया।

फ्रांस में IRGC की साइबर यूनिट के खिलाफ जांच

फ्रांस की सरकारी अभियोजक लॉर बेकुओ ने ईरान की सेना की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की साइबर यूनिट शाहिद कावेह के खिलाफ जांच शुरू की है। इसी यूनिट पर फ्रांस के सुपरमार्केट में साइबर हमले को अंजाम देने का आरोप है।

फ्रांस ने इस यूनिट से जुड़े दो अधिकारियों के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय गिरफ्तारी वारंट जारी करने की मांग भी की है। फ्रांस की साइबर सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, यह यूनिट बड़े पैमाने पर साइबर हमले करती है। इसके निशाने पर मुख्य रूप से इजरायल और अमेरिका रहते हैं। फ्रांस सहित यूरोप के अन्य देश भी इसकी गतिविधियों के निशाने पर हैं।

फ्रांस के रक्त भंडारण केंद्रों को भी बनाया निशाना

सुपरमार्केट के अलावा फ्रांस के रक्त भंडारण केंद्रों की कूलिंग प्रणाली को भी हैक करने की कोशिश की गई थी। 1 नवंबर को देश के तीन रक्त भंडारण केंद्रों की कूलिंग सिस्टम की सेटिंग बदलने का प्रयास किया गया।

हमलावरों ने फ्रीजर का तापमान माइनस 30 डिग्री सेल्सियस से बढ़ाकर 110 डिग्री सेल्सियस तक करने की कोशिश की थी। हालांकि, अलार्म सिस्टम ने समय रहते इस गड़बड़ी का पता लगा लिया। इसके कारण रक्त और प्लाज्मा के नमूनों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। इस हमले के पीछे किसका हाथ था, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

इस तरह फ्रिज और फ्रीजर की प्रणाली में घुसे हैकर्स

फ्रांस के अधिकारियों के अनुसार, सुपरमार्केट में लगे फ्रिज और फ्रीजर कंप्यूटर प्रणाली से नियंत्रित होते हैं। इनकी सेटिंग इंटरनेट पर उपलब्ध वेब पेज के माध्यम से भी बदली जा सकती है। हैकर्स ने इसी वेब पेज के जरिए फ्रिज और फ्रीजर की नियंत्रण प्रणाली तक पहुंच हासिल की।

इसके बाद उन्होंने फ्रिज को बार-बार डीफ्रॉस्ट यानी बर्फ पिघलाने की प्रक्रिया में जाने के लिए सेट कर दिया। यह प्रक्रिया सामान्य से अधिक समय तक चलती रही, जिससे फ्रिज के अंदर का तापमान लगातार बढ़ता गया।

हैकर्स ने तापमान बढ़ने पर कर्मचारियों को अलर्ट देने वाले सिस्टम को भी बंद कर दिया था। सामान्य तौर पर फ्रिज में लगे सेंसर तापमान बढ़ने पर कर्मचारियों को चेतावनी देते हैं, लेकिन अलर्ट बंद होने के कारण समय रहते इसकी जानकारी नहीं मिल सकी।

इस साइबर हमले ने फ्रांस के सुपरमार्केट और रक्त भंडारण केंद्रों की डिजिटल नियंत्रण प्रणालियों की सुरक्षा को गंभीर चुनौती के रूप में सामने ला दिया है। फ्रांस अब इस मामले में कूटनीतिक और कानूनी कार्रवाई के साथ यूरोपीय संघ के स्तर पर प्रतिबंध लगाने की दिशा में कदम उठाने की तैयारी कर रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story