विदेशी संसद में 'जय-जय परशुराम' की गूंज : मेलबर्न में भारतीय संस्कृति की भव्य स्थापना
ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में इस्पेक ऑस्ट्रेलिया चैप्टर की स्थापना समारोह में भगवान परशुराम के जयकारों के साथ सांस्कृतिक और आध्यात्मिक उत्सव आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम में सांसदों, गणमान्य व्यक्तियों और भारतीय समुदाय ने भाग लिया।

ऑस्ट्रेलिया संसद
ऑस्ट्रेलिया की संसद में शुक्रवार को "जय-जय परशुराम" के उद्घोष से पूरा वातावरण गूंज उठा। यह मौके थे विप्र फाउंडेशन द्वारा प्रवर्तित इस्पेक के ऑस्ट्रेलिया चैप्टर की स्थापना और शपथ ग्रहण समारोह के। यह भव्य कार्यक्रम मेलबर्न शहर के विक्टोरिया पार्लियामेंट के क्वीन्स हॉल में आयोजित हुआ, जहां कई गणमान्य अतिथि, सांसद, और भारतीय मूल के लोग एकत्रित हुए।
इस समारोह में मुख्य रूप से भगवान परशुराम के जीवन का वर्णन किया गया और सभी वक्ताओं ने उनके आदर्शों पर प्रकाश डाला। अंत में जय-जय परशुराम का उद्घोष कर उपस्थित लोगों ने मंगलकामना की। बांसुरी की मधुर धुन पर "जन-गण-मन" का सरस गायन सुनाने के कारण पूरा हॉल भावुक हो उठा।
इस्पेक ऑस्ट्रेलिया चैप्टर के अध्यक्ष चंदर शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में भारत से इस्पेक के राष्ट्रीय प्रभारी प्यारेलाल शर्मा मौजूद थे। विप्र फाउंडेशन के संस्थापक सुशील ओझा और इस्पेक की चेयरपर्सन डॉ. हर्षा त्रिवेदी ने वर्चुअल माध्यम से संबोधन दिया। ऑस्ट्रेलिया के तीन सांसद—जो मैक्रैक्न, स्टीव मैकगी, डॉ. रेनी हीथ मेयर, के अलावा मेयर प्रदीप तिवारी और काउन्सलर शिवाली चैटली भी कार्यक्रम में उपस्थित थे।
ऑस्ट्रेलिया इस फाउंडेशन की इस्पेक शाखा खोलने वाला चौथा देश है, इससे पहले यह शाखाएं जर्मनी, नेपाल, और जापान में स्थापित हो चुकी हैं। इस आयोजन से भारतीय समुदाय में सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक जुड़ाव मजबूत होगा, साथ ही भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सांस्कृतिक पुल और मज़बूत होगा।
यह समारोह न केवल आध्यात्मिक उन्नति का अवसर था, बल्कि भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार और युवा पीढ़ी में संस्कारों के संचार का भी माध्यम बना। इस तरह के कार्यक्रमों से विश्व के विभिन्न देशों में भारतीय सभ्यता और संस्कारों की गूंज और भी प्रगाढ़ होगी।

Manyaa Chaudhary
यह 'प्रातःकाल' में एसोसिएट एडिटर के पद पर हैं। और पिछले दो वर्षों से इन्हें रिपोर्टिंग और इवेंट मैनेजमेंट का अनुभव है। इससे पहले इन्होंने 'स्वदेश न्यूज़ चैनल' में बतौर ट्रेनी रिपोर्टर काम किया है। ये विशेष रूप में मनोरंजन, स्पोर्ट्स, और क्राइम रिपोर्टिंग क्षेत्र में समर्थ हैं। अभी यह जर्नलिज्म की पढाई कर रही हैं।
