इस्तीफे पर गरजे बालेन शाह ; “हत्यारे की कुर्सी खाली हो गई”
बालेन शाह ने Gen Z आंदोलनकारियों से की अपील, कहा – 'आपके हत्यारे का इस्तीफा आ चुका है'

इस्तीफे पर गरजे बालेन शाह
नेपाल की राजनीति इस समय बड़े बदलाव के दौर से गुजर रही है। प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने मंगलवार (9 सितंबर, 2025) को अचानक इस्तीफे का ऐलान कर दिया। उनके इस्तीफे के तुरंत बाद काठमांडू के मेयर और युवाओं में सबसे लोकप्रिय नेता बालेन शाह ने आंदोलनकारियों से संयम बरतने और देश की स्थिति को सामान्य करने की अपील की।
बालेन शाह का बड़ा संदेश :
बालेन शाह ने अपने बयान में कहा – “यह Gen Z का आंदोलन है और आपके हत्यारे का इस्तीफा आ चुका है। अब हमें धैर्य रखना चाहिए। देश की जनता और संपत्ति की हानि का मतलब है कि यह हमारी ही हानि है। इसलिए संयम जरूरी है।” उनका संदेश सीधे युवाओं और आंदोलनकारियों के लिए था, जिनके दम पर पिछले कई हफ्तों से नेपाल में सत्ता के खिलाफ प्रदर्शन चल रहे थे।
संसद भंग की मांग :
मेयर बालेन शाह ने आगे कहा कि अब नई पीढ़ी को देश की राजनीति और नेतृत्व अपने हाथों में लेना होगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे तैयार रहें और सेना प्रमुख से होने वाली बातचीत के लिए भी तैयार रहें, लेकिन इस बातचीत से पहले संसद का भंग होना जरूरी है।
कौन हैं बालेन शाह ?
बालेन शाह का सफर बेहद दिलचस्प रहा है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत सिविल इंजीनियर के रूप में की थी। इसके बाद उन्होंने रैपर के रूप में युवाओं के बीच पहचान बनाई। धीरे-धीरे राजनीति में कदम रखा और काठमांडू के मेयर बन गए। उनकी साफ-सुथरी छवि और बेबाक अंदाज की वजह से वह युवाओं में आइकॉनिक चेहरा बन गए। खासकर Gen Z आंदोलन के दौरान उन्होंने युवाओं का विश्वास जीत लिया और पारंपरिक दलों के मुकाबले एक अलग राजनीतिक विकल्प बनकर उभरे।
नेपाल में प्रदर्शन क्यों हुए ?
नेपाल में Gen Z आंदोलन की शुरुआत राजनेताओं के बच्चों की ऐशोआराम भरी जिंदगी और सरकार की सोशल मीडिया पाबंदियों के खिलाफ हुई थी। शुरुआत में यह आंदोलन शांतिपूर्ण था, लेकिन पुलिस और सरकार की सख्त कार्रवाई के चलते हालात बिगड़ गए। अब तक 23 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें से अकेले काठमांडू में 18 प्रदर्शनकारी शामिल हैं। सैकड़ों लोग घायल हुए और देशभर में असंतोष फैल गया।
सोशल मीडिया पर बालेन शाह की गूंज :
इस पूरे आंदोलन में सोशल मीडिया ने अहम भूमिका निभाई है। ट्विटर और इंस्टाग्राम पर #GenZMovement लगातार ट्रेंड कर रहा है। बालेन शाह की अपील भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जहां लाखों युवा उनके समर्थन में पोस्ट कर रहे हैं।

Ashiti Joil
यह प्रातःकाल में कंटेंट रायटर अँड एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। यह गए 3 सालों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इन्होंने लोकसत्ता, टाईम महाराष्ट्र, PR और हैट मीडिया में सोशल मीडिया कंटेंट रायटर के तौर पर काम किया है। इन्होंने मराठी साहित्य में मास्टर डिग्री पूर्ण कि है और अभी ये यूनिवर्सिटी के गरवारे इंस्टीट्यूड में PGDMM (Marthi Journalism) कर रही है। यह अब राजकरण, बिजनेस , टेक्नोलॉजी , मनोरंजन और क्रीड़ा इनके समाचार बनती हैं।
