पाकिस्तान की वित्तीय स्थिति के लिए बड़ा अवसर ; तरबेला डैम में सोने का ऐतिहासिक भंडार खोजा गया
तरबेला डैम में सोने की विशाल मात्रा मिलने की खबर ने पाकिस्तान में आर्थिक उम्मीदें जगाई हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि यह खोज देश की वित्तीय स्थिति सुधारने में सहायक हो सकती है, लेकिन जांच अभी जारी है।

तरबेला डैम AI image
पाकिस्तान में माली संकट और बढ़ते विदेशी कर्ज के बीच एक बड़ी खोज ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के तरबेला डैम में भारी मात्रा में सोना मिलने की खबर आई है। शुरुआती रिपोर्ट्स के अनुसार, इस डैम की मिट्टी में लगभग 636 बिलियन डॉलर मूल्य का सोना मौजूद होने का अनुमान लगाया गया है। भारतीय मुद्रा में यह रकम करीब 56.34 लाख करोड़ रुपये के बराबर बैठती है। पाकिस्तान की आर्थिक स्थिति लंबे समय से खराब रही है। देश पर विदेशी कर्ज का बोझ लगातार बढ़ा है, महंगाई उच्च स्तर पर है और बेरोजगारी भी बढ़ रही है। ऐसे में सोने जैसे कीमती संसाधन की खोज को एक संभावित राहत के रूप में देखा जा रहा है। विशेषज्ञ मानते हैं कि यदि यह अनुमान सही साबित होता है और तकनीकी रूप से उत्खनन संभव हुआ, तो पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था को बड़ा सहारा मिल सकता है।
जानकारी के मुताबिक, इंवेस्टिगेशन की शुरुआत तब हुई जब गोताखोरों की एक टीम ने तरबेला डैम के अंदर से मिट्टी के सैंपल इकट्ठा किए। इन नमूनों को बाद में प्रयोगशालाओं में भेजा गया, जहां वैज्ञानिकों ने पाया कि मिट्टी में सोने की मात्रा सामान्य से कहीं अधिक है। विश्लेषण के बाद कुल सोने का संभावित मूल्य 636 बिलियन डॉलर आंका गया। हालांकि अभी ये सारे आंकड़े प्रारंभिक हैं और पुष्टि के लिए और जांच की जा रही है। इस खोज की जानकारी मिलने के बाद पाकिस्तान जल एवं विद्युत विकास प्राधिकरण (WAPDA) को इस परियोजना की पेशकश की गई। WAPDA वर्तमान में देश के सबसे बड़े पावर और जल प्रोजेक्ट्स का संचालन करती है, इसलिए सरकार और एजेंसियां इस मामले में उसके निर्णय का इंतजार कर रही हैं। हालांकि, यदि यह प्राधिकरण इस परियोजना को नहीं अपनाता, तो एयर कराची नामक कंपनी ने इसमें निवेश करने की इच्छा जताई है।
एयर कराची ने सोने के उत्खनन के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग भी जुटाना शुरू कर दिया है। रिपोर्टों के अनुसार, कंपनी ने हॉलैंड के ड्रेजिंग विशेषज्ञों के अलावा एम्स्टर्डम और कनाडा की पार्टनर कंपनियों से भी प्राथमिक बातचीत की है। कंपनी का दावा है कि उसकी टीम के पास आवश्यक तकनीकी उपकरण और विशेषज्ञता मौजूद है, जिससे सोने को निकालना संभव हो सकता है। एयर कराची ने कहा है कि सरकार से जैसे ही अनुमति मिलेगी, परियोजना पर कार्य शुरू कर दिया जाएगा। यह पहली बार नहीं है जब पाकिस्तान में इस प्रकार के खनिज भंडार की बात सामने आई है। इसी वर्ष मार्च में पंजाब में सिंधु नदी के किनारे लगभग 80,000 करोड़ रुपये मूल्य का सोने का भंडार मिलने की खबर आई थी। उस खोज को भी पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था के लिए संभावित राहत के रूप में देखा गया था। इसके बावजूद, मसला उत्खनन की व्यवहार्यता, लागत और सरकारी स्वीकृति का है, जो अक्सर ऐसे प्रोजेक्ट्स को जटिल बना देता है।
हालांकि इस नई खोज ने देशभर में उत्साह जगाया है, लेकिन विशेषज्ञ चेतावनी दे रहे हैं कि इस पर जल्दबाजी में निष्कर्ष निकालना सही नहीं होगा। किसी भी प्राकृतिक संसाधन की पहचान से लेकर उसके व्यावसायिक उपयोग तक पहुंचने की प्रक्रिया जटिल और समय लेने वाली होती है। इसमें पर्यावरणीय प्रभाव, निवेश की आवश्यकता, भूवैज्ञानिक स्थिरता और सरकारी नीतियों जैसे कई अहम पहलू शामिल होते हैं। तरबेला डैम में मिले सोने के इस अनुमानित भंडार ने पाकिस्तान में नई आर्थिक उम्मीद जरूर जगाई है, लेकिन वास्तविक तस्वीर आने में अभी समय लगेगा। अगर यह भंडार सच साबित होता है, तो यह पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था के लिए ऐतिहासिक अवसर बन सकता है।

Manyaa Chaudhary
यह 'प्रातःकाल' में एसोसिएट एडिटर के पद पर हैं। और पिछले दो वर्षों से इन्हें रिपोर्टिंग और इवेंट मैनेजमेंट का अनुभव है। इससे पहले इन्होंने 'स्वदेश न्यूज़ चैनल' में बतौर ट्रेनी रिपोर्टर काम किया है। ये विशेष रूप में मनोरंजन, स्पोर्ट्स, और क्राइम रिपोर्टिंग क्षेत्र में समर्थ हैं। अभी यह जर्नलिज्म की पढाई कर रही हैं।
