पश्चिम रेलवे: साबरमती लोको शेड में तनाव मुक्ति और मानसिक स्वास्थ्य पर व्याख्यान
साबरमती रेलवे अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोजकुमार देव ने कर्मचारियों को भगवद गीता के सिद्धांतों के जरिए कार्यकुशलता बढ़ाने के गुर सिखाए।

साबरमती लोकोमोटिव शेड में आयोजित मानसिक स्वास्थ्य व्याख्यान के दौरान उपस्थित रेलवे अधिकारी, सुपरवाइजर और कर्मचारी। इस कार्यक्रम में डॉ. मनोजकुमार देव ने तनाव प्रबंधन पर मार्गदर्शन दिया।
आधुनिक जीवन की बढ़ती चुनौतियों, कार्यस्थल के तनाव और मानसिक संतुलन की आवश्यकता के बीच पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल के लोकोमोटिव शेड साबरमती में बुधवार को “भगवद गीता के जीवन सूत्र: तनाव मुक्त जीवन, स्वस्थ मन और उत्पादक कार्यस्थल की ओर एक प्रेरणादायक यात्रा” विषय पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम ने कर्मचारियों और अधिकारियों को जीवन प्रबंधन तथा सकारात्मक कार्यसंस्कृति के महत्वपूर्ण आयामों से परिचित कराया।
इस ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम में साबरमती रेलवे अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोजकुमार देव मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल मेकेनिकल इंजीनियर श्री सुमंत प्रसाद गुप्ता, सहायक मंडल यांत्रिक इंजीनियर तथा एसीएमटी सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे। लोकोमोटिव शेड के सुपरवाइजरों और कर्मचारियों ने भी बड़ी संख्या में सहभागिता कर कार्यक्रम को सार्थक बनाया।
अपने व्याख्यान के दौरान डॉ. मनोजकुमार देव ने भगवद गीता के शाश्वत सिद्धांतों और जीवन मूल्यों को आधुनिक कार्यस्थल एवं दैनिक जीवन की परिस्थितियों से जोड़ते हुए तनाव प्रबंधन, मानसिक संतुलन, सकारात्मक सोच और कार्यकुशलता के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि गीता के संदेश व्यक्ति को आंतरिक शांति, आत्मविश्वास और संतुलित दृष्टिकोण प्रदान करते हैं, जिससे वह जीवन और कार्य दोनों क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन कर सकता है।
उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि कार्यस्थल पर गीता के सिद्धांतों को अपनाने से कर्मचारियों के बीच बेहतर सामंजस्य, सहयोग की भावना और उत्पादकता में वृद्धि संभव है। साथ ही, मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और सकारात्मक कार्य वातावरण के निर्माण में भी इन शिक्षाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
यह आयोजन अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए केवल एक व्याख्यान नहीं, बल्कि आत्मविकास, मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता और जीवन मूल्यों को समझने का एक प्रभावी मंच साबित हुआ। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि बदलते दौर की चुनौतियों के बीच भारतीय ज्ञान परंपरा के शाश्वत सूत्र आज भी व्यक्तिगत और व्यावसायिक जीवन को दिशा देने में उतने ही प्रासंगिक और प्रेरणादायक हैं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
