वडोदरा मंडल ने माल लदान में रचा नया रिकॉर्ड, पहली तिमाही में 3.39 मिलियन टन ढुलाई
वडोदरा मंडल ने अप्रैल-जून 2026 में 3.39 मिलियन टन माल लदान कर 4.6 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की। POL, कोयला, उर्वरक और कंटेनर लदान में बढ़ोतरी के साथ नई गंतव्य लोडिंग की बड़ी उपलब्धि हासिल की गई।

पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल ने माल परिवहन के क्षेत्र में चालू वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए लदान में लगातार वृद्धि दर्ज की है। मंडल ने अप्रैल-जून 2026 के दौरान 3.39 मिलियन टन माल का लदान किया, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि के मुकाबले 4.6 प्रतिशत अधिक है।
पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के जनसम्पर्क अधिकारी श्री अनुभव सक्सेना द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जून 2025 की तुलना में जून 2026 के दौरान प्रमुख माल वस्तुओं के लदान में भी बड़ी वृद्धि दर्ज की गई। पेट्रोलियम, ऑयल एवं लुब्रिकेंट्स (POL) का लदान 160 रेक से बढ़कर 247 रेक हो गया। वहीं, कोयले का लदान 97 रेक से बढ़कर 140 रेक, उर्वरक का लदान 78 रेक से बढ़कर 124 रेक तथा कंटेनर लदान 148 रेक से बढ़कर 218 रेक तक पहुंच गया।
यह वृद्धि वडोदरा मंडल की माल परिवहन सेवाओं की बढ़ती दक्षता और ग्राहकों के बीच रेलवे की सेवाओं पर बढ़ते विश्वास को दर्शाती है।
माल ढुलाई के क्षेत्र में वडोदरा मंडल ने 17 जुलाई, 2026 को एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। मंडल ने DFCCIL's Gati Shakti Multi-Modal Cargo Terminal at New Gothangam (DGGN) से Emirates Terminals Private Limited (EGLY), मध्य रेलवे के लिए 46 बीओबीएसटी (BOBST) वैगनों की नई गंतव्य (New Destination) लोडिंग सफलतापूर्वक शुरू की।
इस रेक के माध्यम से एचआर कॉयल (HR Coil) का परिवहन किया गया। यह रेक 388.03 किलोमीटर की दूरी तय करेगा और इससे रेलवे को लगभग ₹28 लाख का मालभाड़ा राजस्व प्राप्त होने की उम्मीद है।
नई गंतव्य लोडिंग की यह उपलब्धि वडोदरा मंडल द्वारा नए यातायात स्रोत विकसित करने, ग्राहकों की जरूरतों के अनुसार सेवाओं का विस्तार करने और माल व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
वडोदरा मंडल परिचालन दक्षता, आधुनिक अवसंरचना, ग्राहक-केंद्रित सेवाओं और नवाचारों के माध्यम से माल परिवहन को और मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। मंडल का यह प्रदर्शन पश्चिम रेलवे के माल राजस्व में महत्वपूर्ण योगदान देने के साथ-साथ भारतीय रेल की आर्थिक प्रगति को भी गति प्रदान कर रहा है।

Naresh Ameta (Mumbai)
नरेश अमेटा (मुंबई), प्रात:काल समाचार वेबसाइट के अनुभवी संवाददाता हैं। मुंबई से कार्यरत नरेश जी समाचार की सटीकता और निष्पक्षता के लिए जाने जाते हैं। वे प्रमुख राष्ट्रीय और स्थानीय खबरों की रिपोर्टिंग करते हैं और अपने विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण से पाठकों को घटनाओं की गहरी समझ प्रदान करते हैं। नरेश जी की लेखनी में तथ्यपरक जानकारी के साथ-साथ घटनाओं की ताज़ा और भरोसेमंद प्रस्तुति देखने को मिलती है, जो प्रात:काल के पाठकों के लिए समाचार अनुभव को और समृद्ध बनाती है।
