पश्चिम रेलवे ने टिकट चेकिंग के क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए अप्रैल 2026 में अब तक की सर्वाधिक मासिक टिकट चेकिंग आय ₹27.37 करोड़ हासिल की है। यह आंकड़ा मई 2022 में दर्ज ₹25.98 करोड़ के पिछले सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड को पार करते हुए 5 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्शाता है।

यात्रा को सुगम एवं आरामदायक बनाने तथा बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पश्चिम रेलवे द्वारा मुंबई उपनगरीय सेवाओं, मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों, यात्री ट्रेनों एवं अवकाश विशेष ट्रेनों में लगातार सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। वरिष्ठ वाणिज्यिक अधिकारियों के पर्यवेक्षण में टिकट चेकिंग टीम ने अप्रैल 2026 के दौरान पूरे नेटवर्क में व्यापक अभियान चलाया, जिसके परिणामस्वरूप 3.60 लाख से अधिक बिना टिकट एवं अनियमित यात्रियों को पकड़ा गया और ₹27 करोड़ से अधिक का जुर्माना वसूला गया। यह अप्रैल 2025 के ₹21.89 करोड़ की तुलना में 25 प्रतिशत से अधिक वृद्धि को दर्शाता है तथा निर्धारित ₹24.07 करोड़ के लक्ष्य से 13 प्रतिशत अधिक है।

पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री विनीत अभिषेक द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अप्रैल 2026 में विभिन्न मंडलों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मुंबई सेंट्रल मंडल ने ₹13.06 करोड़ का योगदान दिया, इसके बाद अहमदाबाद मंडल ने ₹4.22 करोड़ तथा रतलाम मंडल ने ₹3.41 करोड़ की आय दर्ज की, जो पिछले पाँच वर्षों में उनकी सर्वाधिक वसूली है।

एसी उपनगरीय लोकल ट्रेनों में बिना अधिकृत यात्रा रोकने के लिए विशेष एवं औचक चेकिंग अभियान भी चलाए गए। अप्रैल 2026 में एसी लोकल में 14 हजार से अधिक मामले पकड़े गए, जिनसे लगभग ₹44 लाख का जुर्माना वसूला गया, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि के ₹20.24 लाख की तुलना में 117 प्रतिशत से अधिक वृद्धि है। वहीं मुंबई उपनगरीय खंड में कुल 1.1 लाख मामलों में अनियमित यात्रियों को पकड़ा गया तथा ₹6 करोड़ से अधिक का जुर्माना वसूला गया।

ये परिणाम पश्चिम रेलवे के वाणिज्य विभाग के सतत प्रयासों, अनुशासन सुनिश्चित करने तथा राजस्व हानि रोकने की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। रेलवे प्रशासन ने जनता से वैध टिकट के साथ यात्रा करने की अपील की है, ताकि व्यवस्था सुचारु एवं सुरक्षित बनी रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story