वेस्टर्न रेलवे एडवेंचर एंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन (WRASA), मुंबई सेंट्रल मंडल के 12 सदस्यीय अभियान दल ने उत्तराखंड हिमालय के प्रसिद्ध पिंडारी ग्लेशियर ट्रेक को सफलतापूर्वक पूरा कर साहस, धैर्य, अनुशासन और टीम भावना का उत्कृष्ट परिचय दिया। यह अभियान पश्चिम रेलवे की अपने कर्मचारियों के बीच एडवेंचर स्पोर्ट्स, शारीरिक फिटनेस और टीमवर्क को प्रोत्साहित करने की निरंतर प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री विनीत अभिषेक द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मुंबई सेंट्रल मंडल के ट्रेन मैनेजर काउंसलर श्री सुरेन्द्र सोनी के नेतृत्व में 12 सदस्यीय दल ने लगभग 12,300 फीट की ऊँचाई पर स्थित पिंडारी ग्लेशियर तक का चुनौतीपूर्ण हाई-एल्टीट्यूड ट्रेक सफलतापूर्वक पूरा किया।

अभियान के दौरान दल ने घने जंगलों, अल्पाइन घास के मैदानों, बर्फीली धाराओं और हिमाच्छादित पगडंडियों से होकर ग्लेशियर के आधार तक की कठिन यात्रा पूरी की। इस दौरान दल को नंदा देवी और नंदा कोट पर्वत शिखरों के मनोहारी दृश्य देखने का अवसर मिला। पूरे अभियान ने सदस्यों के धैर्य, दृढ़ संकल्प, अनुशासन और आपसी सहयोग की भावना को सशक्त रूप से प्रदर्शित किया।

अभियान दल में पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल मंडल से श्री सुरेन्द्र सोनी, श्री श्रीजेश अची, श्री विनय पोरवाल, श्री अविनाश सालुंखे, श्री रामबचन सिंह, श्री दिनेश यादव, श्री अवनीश यादव, श्री रामावतार शर्मा, श्री प्रियेश सिंह तथा सुश्री प्राची सोनी शामिल रहे। इनके अतिरिक्त पश्चिम मध्य रेलवे से श्री शैलेन्द्र उइके और श्री एस. पी. खरे भी अभियान दल का हिस्सा रहे।

अभियान की सफलता पर श्री सुरेन्द्र सोनी ने कहा कि यह ट्रेक आत्म-खोज की प्रेरणादायक यात्रा रही, जिसने साहस, टीमवर्क और विपरीत परिस्थितियों का सामना करने की क्षमता को और अधिक मजबूत किया। साथ ही हिमालय और प्रकृति के प्रति गहरा सम्मान विकसित करने का अवसर भी प्रदान किया।

वेस्टर्न रेलवे एडवेंचर एंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन समय-समय पर रेल कर्मचारियों के लिए ट्रैकिंग, पर्वतारोहण और अन्य साहसिक खेलों का आयोजन करती रहती है, ताकि उनमें शारीरिक फिटनेस, आउटडोर कौशल और टीमवर्क की भावना को बढ़ावा मिल सके। एसोसिएशन ने आगामी सत्र में भी ऐसे अनेक साहसिक अभियानों के आयोजन की घोषणा की है, जिससे कर्मचारियों में साहसिक खेलों के प्रति रुचि और सहभागिता को नई गति मिलेगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story