मुंबई से उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों के लिए पश्चिम रेलवे ने तीन जोड़ी विशेष ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। यात्रियों की सुविधा और ट्रेनों में अतिरिक्त भीड़ को कम करने के उद्देश्य से बांद्रा टर्मिनस और उधना से गोरखपुर तथा छपरा के लिए विशेष किराये पर इन ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अरुण कुमार मीणा की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, तीनों जोड़ी ट्रेनों का संचालन नवंबर 2026 में निर्धारित तारीखों पर होगा।

ट्रेन संख्या 05092/05091 बांद्रा टर्मिनस–गोरखपुर स्पेशल के तहत ट्रेन संख्या 05092 बांद्रा टर्मिनस–गोरखपुर स्पेशल बुधवार, 25 नवंबर 2026 को बांद्रा टर्मिनस से दोपहर 13:45 बजे रवाना होगी और अगले दिन गुरुवार को रात 23:55 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 05091 गोरखपुर–बांद्रा टर्मिनस स्पेशल सोमवार, 23 नवंबर 2026 को रात 21:55 बजे गोरखपुर से रवाना होगी और बुधवार, 25 नवंबर 2026 को दोपहर 12:00 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी।

यह ट्रेन दोनों दिशाओं में बोरीवली, वापी, सूरत, वडोदरा, रतलाम, भवानी मंडी, कोटा, गंगापुर सिटी, ईदगाह आगरा, टूंडला, कानपुर सेंट्रल, ऐशबाग, बादशाहनगर, गोंडा और बस्ती स्टेशनों पर ठहरेगी। इसमें एसी द्वितीय श्रेणी, एसी तृतीय श्रेणी, शयनयान श्रेणी और सामान्य द्वितीय श्रेणी के डिब्बे होंगे।

ट्रेन संख्या 05186/05185 बांद्रा टर्मिनस–छपरा स्पेशल के तहत ट्रेन संख्या 05186 शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को बांद्रा टर्मिनस से सुबह 10:45 बजे रवाना होगी और रविवार, 29 नवंबर 2026 को रात 01:30 बजे छपरा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 05185 छपरा–बांद्रा टर्मिनस स्पेशल बुधवार, 25 नवंबर 2026 को रात 21:00 बजे छपरा से रवाना होगी और शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को सुबह 08:10 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी।

दोनों दिशाओं में इस ट्रेन का ठहराव बोरीवली, सूरत, वडोदरा, रतलाम, नागदा, कोटा, बयाना, ईदगाह आगरा, टूंडला, गोविंदपुरी, सूबेदारगंज, प्रयागराज रामबाग, ज्ञानपुर रोड, बनारस, औंड़िहार, मऊ, रसड़ा, बलिया और सुरेमनपुर स्टेशनों पर होगा। इस ट्रेन में शयनयान श्रेणी और सामान्य द्वितीय श्रेणी के डिब्बे लगाए जाएंगे।

इसी क्रम में ट्रेन संख्या 05116/05115 उधना–छपरा स्पेशल भी चलाई जाएगी। ट्रेन संख्या 05116 उधना–छपरा स्पेशल गुरुवार, 26 नवंबर 2026 को उधना से सुबह 10:00 बजे रवाना होगी और अगले दिन शुक्रवार को रात 20:50 बजे छपरा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 05115 छपरा–उधना स्पेशल मंगलवार, 24 नवंबर 2026 को शाम 18:20 बजे छपरा से रवाना होगी और गुरुवार, 26 नवंबर 2026 को सुबह 05:20 बजे उधना पहुंचेगी।

यह ट्रेन दोनों दिशाओं में व्यारा, नंदुरबार, डोंडाइचा, अमलनेर, धरनगांव, भुसावल, खंडवा, इटारसी, जबलपुर, कटनी, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, वाराणसी, जौनपुर, शाहगंज, आजमगढ़, मऊ, रसड़ा और बलिया स्टेशनों पर रुकेगी। इसमें एसी तृतीय श्रेणी, एसी चेयर कार, शयनयान श्रेणी और सामान्य द्वितीय श्रेणी के डिब्बे होंगे।

पश्चिम रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 05092, 05186 और 05116 के लिए आरक्षण 24 नवंबर 2026 से सभी यात्री आरक्षण प्रणाली (पीआरएस) काउंटरों और आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर शुरू होगा। तीनों ट्रेनें विशेष किराये पर स्पेशल ट्रेन के रूप में संचालित की जाएंगी।

यात्रियों को ट्रेनों के ठहराव के समय और डिब्बों की संरचना से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए भारतीय रेलवे की वेबसाइट www.enquiry.indianrail.gov.in पर जाने की सलाह दी गई है।

Next Story