पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री रामाश्रय पाण्डेय ने अहमदाबाद मंडल के चार कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य, उच्च स्तर की सतर्कता और सुरक्षित ट्रेन संचालन में महत्वपूर्ण योगदान के लिए “मैन ऑफ द मन्थ” (फरवरी-2026) संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया। यह सम्मान रेलवे सुरक्षा मानकों को सुदृढ़ करने में उनके विशेष योगदान की औपचारिक मान्यता है।

सम्मानित कर्मचारियों में वरिष्ठ ट्रेन मैनेजर (गुड्स) श्री प्रभाष कुमार यादव शामिल हैं, जिन्होंने ड्यूटी के दौरान दो अलग-अलग अवसरों पर असाधारण सतर्कता का परिचय दिया। एक मामले में उन्होंने कंटेनर का लॉक गायब पाया, जबकि दूसरे मामले में वैगन के पहिये के जाम होने और ब्रेक सिलेंडर की खराब स्थिति को समय रहते चिन्हित किया। उनकी त्वरित कार्रवाई से संभावित दुर्घटना और रेलवे संपत्ति की हानि को रोका जा सका।

भीमासर के पॉइंट्समैन श्री सुबोध कुमार ने ड्यूटी के दौरान गुजरती ट्रेन के एक वैगन में हैंगिंग पार्ट (सेफ्टी रॉड) देखा। उन्होंने तत्काल लाल संकेत देकर ट्रेन को रुकवाने की प्रक्रिया शुरू की और स्टेशन मास्टर को सूचित किया। समय रहते दोष को ठीक कर ट्रेन का सुरक्षित संचालन सुनिश्चित किया गया, जिससे एक संभावित दुर्घटना टल गई।

गांधीधाम में कार्यरत फिटर-I श्री दीपक कुमार एस. ने रोलिंग एग्जामिनेशन के दौरान वैगनों में गंभीर तकनीकी दोष, जैसे ग्रीस सील का खिसकना और CTRB कप का टूटना, समय रहते पहचाना। उन्होंने पूर्व में भी इस प्रकार की असामान्यताओं की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की है। उनकी सूक्ष्म जांच और कार्य के प्रति सजगता रेलवे सुरक्षा के उच्च मानकों को दर्शाती है।

इसी क्रम में ट्रैक मेंटेनर-IV श्री दीपक कुमार ने ड्यूटी के दौरान यह पाया कि एक ट्रेन निर्धारित 20 किमी प्रति घंटा की गति सीमा से अधिक गति से चल रही थी। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए लाल झंडा दिखाकर ट्रेन को रोका, जिससे संभावित खतरे को टालना संभव हुआ।

इन सभी कर्मचारियों की सतर्कता, तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा भारतीय रेलवे की संरक्षा संस्कृति को मजबूत करने में निर्णायक भूमिका निभाती है। पश्चिम रेलवे ने इनकी उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त करते हुए इसे सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण बताया है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story