पश्चिम रेलवे ने अहमदाबाद मंडल के असारवा–हिम्मतनगर और असारवा–खेडब्रह्मा रेलखंड पर संचालित चार मेमू ट्रेनों की समय-सारणी में संशोधन किया है। नई समय-सारणी 23 नवंबर 2026 से प्रभावी होगी। इसके तहत हिम्मतनगर और खेडब्रह्मा से असारवा आने वाली ट्रेनों के प्रस्थान और आगमन समय में बदलाव किया गया है। वहीं, असारवा से रवाना होने वाली दोनों मेमू ट्रेनों के समय में भी संशोधन किया गया है।

संशोधित समय के अनुसार, ट्रेन संख्या 69246 हिम्मतनगर–असारवा मेमू (रविवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन) अब 23 नवंबर से हिम्मतनगर स्टेशन से सुबह 6:10 बजे के बजाय 6:00 बजे रवाना होगी। ट्रेन का रखियाल स्टेशन पर आगमन सुबह 6:54 बजे और नरोडा स्टेशन पर सुबह 7:34 बजे होगा। असारवा स्टेशन पर यह ट्रेन पहले निर्धारित सुबह 8:10 बजे के स्थान पर अब सुबह 8:00 बजे पहुंचेगी।

इसी तरह, ट्रेन संख्या 69252 खेडब्रह्मा–असारवा मेमू प्रतिदिन खेडब्रह्मा स्टेशन से सुबह 6:45 बजे के बजाय 6:40 बजे प्रस्थान करेगी। इसका रखियाल स्टेशन पर आगमन सुबह 8:22 बजे और नरोडा स्टेशन पर सुबह 8:59 बजे निर्धारित किया गया है। असारवा स्टेशन पर ट्रेन अब सुबह 9:30 बजे के बजाय 9:25 बजे पहुंचेगी।

असारवा से खेडब्रह्मा जाने वाली ट्रेन संख्या 69251 मेमू के प्रस्थान समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यह ट्रेन प्रतिदिन असारवा स्टेशन से पहले की तरह शाम 6:25 बजे रवाना होगी। संशोधित समय-सारणी के अनुसार, इसका नरोडा स्टेशन पर आगमन शाम 6:34 बजे, रखियाल स्टेशन पर शाम 7:06 बजे और हिम्मतनगर स्टेशन पर रात 19:57 बजे होगा। खेडब्रह्मा स्टेशन पर ट्रेन अब पहले निर्धारित रात 9:10 बजे के बजाय 23 नवंबर से रात 9:15 बजे पहुंचेगी।

वहीं, ट्रेन संख्या 69245 असारवा–हिम्मतनगर मेमू (शनिवार को छोड़कर) के प्रस्थान समय में 15 मिनट का बदलाव किया गया है। यह ट्रेन 23 नवंबर से असारवा स्टेशन पर शाम 7:20 बजे के बजाय 7:05 बजे रवाना होगी। नरोडा स्टेशन पर इसका आगमन शाम 7:13 बजे और रखियाल स्टेशन पर शाम 7:46 बजे होगा। हिम्मतनगर स्टेशन पर ट्रेन पहले निर्धारित रात 9:45 बजे के स्थान पर अब रात 9:05 बजे पहुंचेगी।

पश्चिम रेलवे के अनुसार, यात्रियों को संशोधित समय-सारणी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनानी होगी। ट्रेनों के ठहराव, समय और कोचों की संरचना की विस्तृत जानकारी के लिए यात्री रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट www.enquiry.indianrail.gov.in पर जा सकते हैं। चारों मेमू ट्रेनों के लिए संशोधित समय 23 नवंबर 2026 से लागू होगा।

Next Story