पश्चिम रेलवे ने यात्रियों से भारतीय रेलवे के ऑल-इन-वन मोबाइल एप्लिकेशन ‘रेलवन’ (RailOne) का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है। यह ऐप यात्रियों को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रेलवे से जुड़ी विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराता है, जिससे टिकट बुकिंग से लेकर ट्रेन संबंधी जानकारी, भोजन ऑर्डर करने, रिफंड और सहायता जैसी सुविधाओं का लाभ आसानी से स्मार्टफोन के माध्यम से लिया जा सकता है।

पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री विनीत अभिषेक द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यात्री रेलवन ऐप के माध्यम से आरक्षित टिकट, अनारक्षित टिकट और प्लेटफॉर्म टिकट बुक कर सकते हैं। इसके अलावा ऐप पर सर्च ट्रेन, पीएनआर स्टेटस, कोच पोजीशन, ट्रैक योर ट्रेन, ऑर्डर फूड, फाइल रिफंड और रेल मदद (Rail Madad) जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। इससे रेलवे संबंधी अलग-अलग सेवाओं के लिए कई ऐप का उपयोग करने की आवश्यकता नहीं रहती।

श्री विनीत अभिषेक ने बताया कि डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रेलवे ने रेलवन ऐप के माध्यम से सभी डिजिटल भुगतान माध्यमों से अनारक्षित टिकट बुक करने पर मिलने वाली 3 प्रतिशत छूट की अवधि बढ़ा दी है। यह छूट 31 मार्च, 2027 तक प्रभावी रहेगी।

उन्होंने बताया कि रेलवन ऐप के माध्यम से अनारक्षित टिकट बुक करने वाले यात्री यदि आर-वॉलेट (R-Wallet) से भुगतान करते हैं तो उन्हें 3 प्रतिशत कैशबैक मिलेगा। वहीं अन्य सभी डिजिटल भुगतान माध्यमों से भुगतान करने पर 3 प्रतिशत की छूट का लाभ मिलेगा। आर-वॉलेट के माध्यम से कैशबैक और डिजिटल भुगतान माध्यमों पर छूट का उद्देश्य यात्रियों को डिजिटल टिकटिंग अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना तथा रेलवन ऐप के उपयोग को बढ़ावा देना है।

श्री विनीत अभिषेक ने यात्रियों से रेलवन ऐप डाउनलोड कर इसकी एकीकृत सुविधाओं का अधिकतम उपयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि रेलवन यात्रियों को महत्वपूर्ण रेलवे सेवाओं के लिए एक सुविधाजनक सिंगल-विंडो डिजिटल इंटरफेस उपलब्ध कराता है और रेल यात्रा को अधिक सरल, स्मार्ट तथा सहज बनाने में योगदान देता है। पश्चिम रेलवे ने यात्रियों से “डाउनलोड RailOne — One App, Multiple Railway Services and a Smarter Way to Travel” संदेश के साथ इस ऐप का उपयोग करने की अपील भी की है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story