अहमदाबाद मंडल की ट्रेनों में सघन पेस्ट और रोडेंट कंट्रोल अभियान, मानसून में बढ़ी निगरानी
अहमदाबाद मंडल ने मानसून में ट्रेनों को कीट और चूहों से मुक्त रखने के लिए PRC अभियान शुरू किया, स्वर्ण जयंती राजधानी पर विशेष निगरानी।

तस्वीर में साबरमती डिपो में ट्रेन के कोच के भीतर पीपीई किट पहने एक कर्मचारी कीट नियंत्रण के लिए स्प्रे करते हुए नजर आ रहा है।
पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने मानसून के दौरान ट्रेनों में कॉकरोच, चूहों और अन्य कीटों की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सघन पेस्ट एवं रोडेंट कंट्रोल (PRC) अभियान शुरू किया है। यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान स्वर्ण जयंती राजधानी एक्सप्रेस सहित अहमदाबाद मंडल की अन्य यात्री ट्रेनों में निर्धारित मेंटेनेंस के दौरान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ट्रेन संख्या 12957 स्वर्ण जयंती राजधानी एक्सप्रेस में विशेष PRC अभियान 23 अगस्त 2026 से शुरू किया गया है।
मानसून के दौरान कॉकरोच, चूहों और अन्य कीटों की समस्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए अभियान साबरमती स्थित इंटीग्रेटेड कोचिंग डिपो में ट्रेन के निर्धारित मेंटेनेंस के दौरान संचालित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य ट्रेन में कॉकरोच, चूहों और अन्य कीटों की समस्या को शुरुआती स्तर पर ही नियंत्रित करना तथा यात्रियों के लिए साफ-सुथरा और हाइजिनयुक्त वातावरण सुनिश्चित करना है।
अभियान के तहत ट्रेन के प्रत्येक कोच का गहन निरीक्षण किया जा रहा है। कोच में ऐसे संभावित स्थानों की पहचान की जा रही है, जहां कॉकरोच या अन्य कीट छिप सकते हैं अथवा उनके पनपने की संभावना हो सकती है। आवश्यकता के अनुसार इन स्थानों पर विशेष ट्रीटमेंट और स्प्रे किया जा रहा है। इसके लिए निर्धारित मानकों और सेफ्टी प्रोसीजर्स के अनुसार टेम्प्रिड एससी इंसक्टिसाइड स्प्रे का उपयोग किया जा रहा है।
ट्रीटमेंट के बाद संबंधित स्थानों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर री-ट्रीटमेंट भी किया जा रहा है, ताकि ट्रेनों में लंबे समय तक प्रभावी पेस्ट कंट्रोल सुनिश्चित किया जा सके।
अहमदाबाद मंडल की अन्य यात्री ट्रेनों में भी पेस्ट एवं रोडेंट कंट्रोल की गतिविधियां नियमित रूप से की जा रही हैं। निर्धारित मेंटेनेंस के दौरान ट्रेनों में इंस्पेक्शन, ट्रीटमेंट और मॉनिटरिंग के जरिए कीटों एवं चूहों की संभावित समस्या को रोकने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश ने कहा, “ट्रेनों में यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। मानसून के दौरान कॉकरोच, चूहे एवं अन्य कीटों की समस्या को रोकने के लिए विशेष मॉनिटरिंग और समय पर कंट्रोल मेजर्स करना आवश्यक है। स्वर्ण जयंती राजधानी एक्सप्रेस में शुरू किया गया यह विशेष पीआरसी अभियान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रिवेंटिव इनिशिएटिव है। हमारा प्रयास है कि ट्रेन के निर्धारित मेंटेनेंस के दौरान सफाई एवं हाइजिन से संबंधित सभी निर्धारित स्टैंडर्ड्स का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित किया जाए। इसी प्रकार अन्य यात्री ट्रेनों में भी पेस्ट एवं रोडेंट कंट्रोल की गतिविधियों को प्रभावी रूप से जारी रखा जा रहा है, ताकि यात्रियों को साफ-सुथरा एवं बेहतर यात्रा अनुभव मिल सके।”

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
