मुंबई। दिवाली के दौरान रेलवे में बिना टिकट और अनियमित रूप से यात्रा करने वालों के खिलाफ पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल मंडल ने सघन टिकट जांच अभियान चलाकर रिकॉर्ड कमाई दर्ज की है। मंडल की ओर से 31 अक्टूबर से 14 नवंबर 2026 तक संचालित 15 दिवसीय विशेष टिकट जांच अभियान ‘ऑपरेशन डीप’ निर्धारित लक्ष्य को पार करते हुए बड़ी सफलता के साथ संपन्न हुआ। इस अभियान के दौरान कुल 94,919 मामले पकड़े गए और टिकट जांच से 8,22,99,300 रुपये यानी 8.23 करोड़ रुपये की कमाई हुई।

मुंबई सेंट्रल मंडल, पश्चिम रेलवे ने अभियान के लिए 7,65,41,869 रुपये का लक्ष्य निर्धारित किया था। इसके मुकाबले 8.23 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की गई, जो निर्धारित लक्ष्य से 7.52 प्रतिशत अधिक रही। वहीं, पिछले वर्ष की दिवाली अवधि की तुलना में इस बार टिकट जांच से होने वाली आय में 53.6 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।

पिछले वर्ष दिवाली अवधि के दौरान टिकट जांच से 5.36 करोड़ रुपये की कमाई हुई थी, जबकि इस वर्ष यह आंकड़ा बढ़कर 8.23 करोड़ रुपये पहुंच गया। इस तरह दोनों अवधियों की तुलना में 53.6 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

मंडल की इस उपलब्धि में टिकट जांच कर्मचारियों, पर्यवेक्षकों और मुंबई सेंट्रल मंडल की संबंधित इकाइयों के समन्वित प्रयास, समर्पण और प्रतिबद्धता की अहम भूमिका रही। त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए चलाए गए इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर अंकुश लगाना, रेलवे राजस्व की सुरक्षा करना तथा टिकट जांच व्यवस्था को प्रभावी बनाना था।

ऑपरेशन डीप के तहत दर्ज की गई यह उपलब्धि मुंबई सेंट्रल मंडल के टिकट जांच कर्मचारियों की कार्यक्षमता, पेशेवर प्रतिबद्धता और सामूहिक प्रयासों को दर्शाती है। पश्चिम रेलवे का यह 15 दिवसीय अभियान निर्धारित लक्ष्य से अधिक राजस्व अर्जित करने के साथ पिछले वर्ष की तुलना में भी बेहतर प्रदर्शन दर्ज कर संपन्न हुआ।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story