पश्चिम रेलवे में राजभाषा बैठक के साथ हिंदी कवि सम्मेलन, ‘ई-राजहंस’ का 64वां अंक जारी
पश्चिम रेलवे मुख्यालय में 18 सितम्बर को राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक और हिंदी कवि सम्मेलन हुआ। महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने अध्यक्षता की, ‘ई-राजहंस’ के 64वें अंक का विमोचन हुआ।

तस्वीर में पश्चिम रेलवे मुख्यालय में आयोजित क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही बैठक के दौरान महाप्रबंधक श्री रामाश्रय पाण्डेय (मध्य में) और अन्य वरिष्ठ अधिकारी नजर आ रहे हैं।
पश्चिम रेलवे मुख्यालय में 18 सितम्बर 2026 को महाप्रबंधक श्री रामाश्रय पाण्डेय की अध्यक्षता में क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही बैठक आयोजित की गई। राजभाषा पखवाड़े के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में हिंदी कवि सम्मेलन भी हुआ और प्रधान कार्यालय की ई-पत्रिका ‘ई-राजहंस’ के 64वें अंक का विमोचन किया गया।
बैठक के दौरान राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की जयंती भी मनाई गई। उपस्थित सदस्यों को उनके जीवन-वृत्त से अवगत कराया गया। इसके बाद श्री सरोज सुमन एवं अन्य कलाकारों ने दिनकर की प्रसिद्ध कविता ‘कोई अर्थ नहीं’ का संगीतमय गायन प्रस्तुत किया।
राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए महाप्रबंधक श्री रामाश्रय पाण्डेय ने कहा कि भारत में अनेक भाषाएं प्रचलित हैं, लेकिन हिंदी का विशेष स्थान है, क्योंकि आम जनता इसका अत्यधिक प्रयोग करती है। उन्होंने कहा कि हिंदी ने भारत के स्वाधीनता संग्राम में अमूल्य योगदान दिया और आज भी राष्ट्रीय एकता को अक्षुण्ण बनाए रखने में इसकी महती भूमिका है। इन्हीं विशेषताओं के कारण भारतीय संविधान में हिंदी को संघ की राजभाषा के रूप में स्वीकार किया गया। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा से जुड़े प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी का संवैधानिक दायित्व है कि वह अपने दैनिक कामकाज में राजभाषा हिंदी का प्रयोग सुनिश्चित करे।
बैठक के प्रारंभ में मुख्य राजभाषा अधिकारी श्री विनोद कुमार ने महाप्रबंधक श्री रामाश्रय पाण्डेय, सभी विभागाध्यक्षों, अपर मंडल रेल प्रबंधकों, मुख्य कारखाना प्रबंधकों और उपस्थित अधिकारियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में हिंदी का प्रयोग बढ़ाना राष्ट्रीय कर्तव्य है, क्योंकि जनता इस भाषा को सहजता से समझती है।
बैठक में अधिकारियों के लिए राजभाषा प्रश्न-मंच का आयोजन भी किया गया, जिसमें विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। समिति की सदस्य सचिव एवं वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी श्रीमती सुनीता अहिरे ने अप्रैल से जून 2026 की तिमाही प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
पश्चिम रेलवे पर राजभाषा पखवाड़े के दौरान हिंदी के प्रचार-प्रसार और प्रगामी प्रयोग को गति देने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं, हिंदी कार्यशालाएं, प्रश्न-मंच, चिकित्सा संगोष्ठी तथा हिंदी फिल्मी गीतों पर आधारित अंताक्षरी प्रतियोगिता सहित अनेक रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में 18 सितम्बर को महाप्रबंधक श्री रामाश्रय पाण्डेय की अध्यक्षता में हिंदी कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में मुंबई के 6 ख्यातिप्राप्त कवियों एवं कवयित्रियों श्री सुभाष काबरा, श्री महेश दुबे, श्री नवीन सी. चतुर्वेदी, श्री पवन तिवारी, सुश्री पूनम विश्वकर्मा एवं सुश्री सुमीता केशवा ने अपनी सरस, ओजस्वी तथा हास्य-व्यंग्य से परिपूर्ण रचनाएं प्रस्तुत कीं।
इन आयोजनों में पश्चिम रेलवे के अपर महाप्रबंधक श्री प्रदीप कुमार, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक श्री नरेंद्र पाटील, प्रमुख वित्त सलाहकार श्रीमती अमिता प्रसाद सारभाई, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक श्री विद्याधर अविनाश मालेगांवकर, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री सहर्ष वाजपेयी, प्रमुख मुख्य इंजीनियर श्री अमित गुप्ता, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक श्री आशीष वर्मा, सचिव/पश्चिम रेलवे श्री सचिन अशोक शर्मा, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री विनीत अभिषेक, उप महाप्रबंधक (सामान्य) श्री उज्ज्वल देव सहित सभी मंडलों के अपर मंडल रेल प्रबंधक, कारखानों के मुख्य कारखाना प्रबंधक तथा बड़ी संख्या में वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रमों का समापन वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी श्रीमती सुनीता अहिरे के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। पश्चिम रेलवे में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार और दैनिक सरकारी कामकाज में इसके प्रगामी प्रयोग से जुड़े प्रयासों को आगे बढ़ाया गया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
