पश्चिम रेलवे की क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही बैठक गुरुवार को पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री रामाश्रय पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक के दौरान पश्चिम रेलवे, प्रधान कार्यालय की ई-पत्रिका ‘ई-राजहंस’ के 63वें अंक का विमोचन महाप्रबंधक श्री पाण्डेय के कर-कमलों से किया गया। इस अवसर पर सुप्रसिद्ध कवि नागार्जुन की जयंती भी मनाई गई। उनके जीवन का संक्षिप्त परिचय प्रस्तुत किया गया तथा उनकी प्रसिद्ध कविता ‘नए गगन में नया सूर्य जो चमक रहा है’ का गायन भी किया गया।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए महाप्रबंधक श्री रामाश्रय पाण्डेय ने कहा कि राजभाषा हिंदी भारत की अस्मिता है। उन्होंने कहा कि जो नागरिक अपनी राष्ट्रीयता को संकीर्ण दृष्टि से देखेगा, उसे देश में अनेक भिन्नताएं दिखाई देंगी, जबकि जो भिन्नताओं में एकता और अखंडता के सूत्र खोजेगा, उसे पूरा भारत एक बहुरंगी गुलदस्ते के रूप में दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि भारत सरकार के कार्यालयों में हिंदी अनुवाद और मौलिक अनुप्रयोगों के माध्यम से निरंतर आगे बढ़ रही है तथा साहित्य, हिंदी फिल्म और ओटीटी के जरिए दुनिया के कोने-कोने तक अपनी पहुंच बना चुकी है।

बैठक के प्रारंभ में पश्चिम रेलवे के मुख्य राजभाषा अधिकारी श्री विनीत गुप्ता ने समिति के अध्यक्ष एवं महाप्रबंधक सहित सभी उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों का स्वागत किया। उन्होंने सूचना प्रौद्योगिकी के वर्तमान दौर में विभागीय वेबसाइटों के नियमित अद्यतन तथा उन पर सामग्री को द्विभाषी स्वरूप, अर्थात हिंदी एवं अंग्रेजी में उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल दिया।

बैठक के दौरान अधिकारियों के लिए राजभाषा प्रश्न-मंच का आयोजन भी किया गया। इसमें पूछे गए प्रश्नों के सही उत्तर देने वाले अधिकारियों को पुरस्कृत किया गया। पश्चिम रेलवे में जनवरी से मार्च 2026 के दौरान राजभाषा कार्यान्वयन में हुई प्रगति से संबंधित आंकड़े समिति की सदस्य सचिव श्रीमती सुनीता अहिरे द्वारा प्रस्तुत किए गए।

पश्चिम रेलवे क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक में पश्चिम रेलवे के वरिष्ठ उप महाप्रबंधक श्री नरेंद्र पाटील, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (सड़क संरक्षा परियोजनाएं) श्री विनोद कुमार, प्रमुख वित्त सलाहकार श्रीमती ऋचा खरे, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक श्री विद्याधर अविनाश मालेगांवकर, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री सहर्ष वाजपेयी, प्रमुख मुख्य इंजीनियर श्री अमित गुप्ता, प्रमुख मुख्य सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर श्री रजनीश कुमार, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री विनीत अभिषेक, उप महाप्रबंधक (सामान्य) श्री उज्ज्वल देव, सचिव/पश्चिम रेलवे श्री सचिन अशोक शर्मा सहित सभी मंडलों के अपर मंडल रेल प्रबंधक तथा सभी कारखानों के मुख्य कारखाना प्रबंधक उपस्थित रहे।

राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन, डिजिटल माध्यमों में द्विभाषी सामग्री को बढ़ावा देने और प्रशासनिक कार्यों में हिंदी के व्यापक उपयोग के संकल्प के साथ बैठक का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story