पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल मंडल में स्वच्छता अभियान तेज, 8 टन कचरे का निस्तारण
मुंबई सेंट्रल मंडल के 280 स्टेशनों पर विशेष सफाई अभियान चलाकर मशीनों से सफाई की गई और 780 कैटरिंग इकाइयों का निरीक्षण हुआ।

पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल मंडल में स्वच्छता पखवाड़ा 2026 के तहत स्वच्छता और अपशिष्ट प्रबंधन अभियान तेज कर दिया गया है। तीन दिवसीय विशेष गहन सफाई अभियान में रेलवे कर्मचारियों, संविदा कर्मियों, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों ने प्रमुख स्टेशनों, यार्डों, कोचिंग डिपो और कार्यालयों में भाग लिया।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री विनीत अभिषेक द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अभियान में 280 प्रमुख स्टेशन स्थलों को शामिल किया गया। 71 से अधिक स्टेशनों पर 174 शौचालयों की डी-स्केलिंग की गई, जबकि 280 कूड़ेदानों की गहन सफाई की गई। इसके अलावा 77 किलोमीटर से अधिक लंबाई की नालियों एवं जल निकासी मार्गों की सफाई तथा लगभग 140 प्रशासनिक कार्यालयों में गहन सफाई की गई।
स्वच्छता के उच्च मानकों को बनाए रखने के लिए 24 स्टेशनों पर स्क्रबर-ड्रायर, हाई-प्रेशर जेट वॉशर, राइड-ऑन स्वीपर और फॉगिंग मशीनों जैसे आधुनिक मशीनी उपकरणों का उपयोग किया गया। 27 शौचालयों एवं स्नान क्षेत्रों की सफाई के साथ उनकी कार्यशील सुविधाओं की भी जांच की गई।
खानपान और यात्री सुविधाओं पर भी विशेष निगरानी रखी गई। सेनीटेशन एवं वाणिज्य विभागों की टीमों ने खाद्य स्टॉलों का निरीक्षण किया। 780 खानपान इकाइयों, 14 पेंट्री कारों और तीन बेस किचन में गहन सफाई अभियान चलाया गया। खाद्य भंडारण क्षेत्रों में कीट एवं कृंतक नियंत्रण के व्यापक उपाय भी किए गए।
तीन दिवसीय गहन अभियान के दौरान 5 टन से अधिक कचरा एकत्र किया गया। इसके साथ 2 से 5 अक्टूबर, 2026 के दौरान हटाए गए और वैज्ञानिक तरीके से निस्तारित किए गए कचरे की कुल मात्रा लगभग 8 टन तक पहुंच गई।
स्वच्छता अभियान के साथ जन-जागरूकता और युवाओं की भागीदारी भी जारी रही। नंदुरबार स्टेशन पर विद्यार्थियों एवं रोटरी क्लब के सदस्यों ने स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए। वहीं विरार स्टेशन पर एनएसएस के स्वयंसेवकों एवं लायंस क्लब के सदस्यों ने कचरे के उचित निपटान को लेकर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों को जागरूक किया।
मुंबई सेंट्रल मंडल में स्वच्छता पखवाड़ा 2026 के तहत चल रही इन गतिविधियों से रेलवे परिसरों में स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन और यात्री सुविधाओं से जुड़े कार्यों को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जा रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
