असाधारण सतर्कता से टली संभावित रेल दुर्घटना, वडोदरा के पुखराज मीणा को मिला महाप्रबंधक संरक्षा पुरस्कार
वडोदरा मंडल के ट्रेन मैनेजर पुखराज मीणा ने समय रहते गंभीर तकनीकी दोष पकड़कर संभावित रेल दुर्घटना टाल दी, जिसके लिए उन्हें महाप्रबंधक संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

पश्चिम रेलवे मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बाएं से दाएं- महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय, ट्रेन मैनेजर पुखराज मीणा और अन्य अधिकारी अवॉर्ड सौंपते हुए।
पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री रामाश्रय पाण्डेय ने मुंबई स्थित पश्चिम रेलवे मुख्यालय में आयोजित एक समारोह के दौरान मई एवं जून 2026 के लिए विभिन्न मंडलों के नौ रेलकर्मियों को महाप्रबंधक के "मैन ऑफ द मंथ" संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया। इन कर्मचारियों को उनकी असाधारण सतर्कता, कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पण के लिए सम्मानित किया गया, जिनकी सजगता और त्वरित कार्रवाई से संभावित अप्रिय घटनाओं को टाला जा सका तथा सुरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित हुआ। सम्मानित रेलकर्मियों में पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के ट्रेन मैनेजर श्री पुखराज मीणा भी शामिल रहे।
पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री अनुभव सक्सेना द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार श्री पुखराज मीणा ने 4 जून 2026 को गाड़ी संख्या BCNHLE/अहमदाबाद पर ड्यूटी के दौरान असाधारण सतर्कता, उच्च सुरक्षा-जागरूकता और उत्कृष्ट कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया। ट्रेन के वडोदरा यार्ड बाईपास लाइन संख्या-1 पर परिचालन के दौरान उन्होंने रेक का अत्यंत सावधानीपूर्वक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान श्री मीणा ने ट्रेन के पिछले हिस्से में स्थित एक वैगन में गंभीर तकनीकी दोष का समय रहते पता लगाया। उन्होंने देखा कि संबंधित वैगन के सेंटर पिवट (CP) टॉप हक बोल्ट असेंबली ढीली थी तथा उससे संबंधित भाग की वेल्डिंग पूरी तरह विफल (Weld Failure) हो चुकी थी। यह दोष ट्रेन के सुरक्षित परिचालन के लिए अत्यंत गंभीर था और समय पर इसकी पहचान नहीं होने की स्थिति में गंभीर परिचालनिक दुर्घटना की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता था।
दोष की गंभीरता को देखते हुए श्री पुखराज मीणा ने तत्काल संबंधित सी एंड डब्ल्यू (C&W) स्टाफ को इसकी सूचना दी तथा वैगन की शीघ्र संयुक्त जांच सुनिश्चित कराई। संयुक्त निरीक्षण के दौरान उनके द्वारा इंगित किए गए दोष की पुष्टि हुई, जिसके बाद संबंधित वैगन को तत्काल 'सिक' घोषित कर ट्रेन से पृथक (Detach) कर दिया गया। इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के परिणामस्वरूप संभावित रूप से असुरक्षित वैगन को समय रहते सेवा से हटाकर किसी गंभीर संरक्षा एवं परिचालनिक दुर्घटना की संभावना को सफलतापूर्वक टाल दिया गया।
वडोदरा मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भडके ने इस उपलब्धि पर श्री पुखराज मीणा को बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट संरक्षा कार्य की सराहना की। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार सतर्कतापूर्वक कार्य करते रहने के लिए उन्हें प्रोत्साहित किया।
वडोदरा मंडल ने अपने ऐसे कर्तव्यनिष्ठ और सजग कर्मचारियों पर गर्व व्यक्त किया, जो चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी त्वरित एवं विवेकपूर्ण निर्णय लेकर रेल संचालन की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं तथा यात्रियों, रेलवे संपत्ति और रेल यातायात की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
