मुंबई-अहमदाबाद शताब्दी एक्सप्रेस में शुरू हुई ‘Track & Trend’ मैगजीन, यात्रियों को मिलेगा नया यात्रा अनुभव
मुंबई सेंट्रल–अहमदाबाद शताब्दी एक्सप्रेस में पश्चिम रेलवे ने ‘Track & Trend’ ऑनबोर्ड मैगजीन शुरू की। जानिए यात्रियों को क्या मिलेगा और इससे रेलवे को कैसे होगा लाभ।

पश्चिम रेलवे के कार्यक्रम में बैकड्रॉप के सामने खड़े होकर हाथों में मैगजीन प्रदर्शित करते अधिकारी एवं प्रतिनिधि (बाएं से दाएं)।
पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की यात्रा को अधिक उपयोगी और आकर्षक बनाने की दिशा में एक नई पहल करते हुए मुंबई सेंट्रल–अहमदाबाद–मुंबई सेंट्रल शताब्दी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12009/12010) में ऑनबोर्ड लाइफस्टाइल मैगजीन “Track & Trend” की शुरुआत की है। इस पहल का औपचारिक शुभारंभ पश्चिम रेलवे के प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक श्री तरुण जैन ने मुंबई सेंट्रल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री आदिश पठानिया, अन्य अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री विनीत अभिषेक द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह मैगजीन शताब्दी एक्सप्रेस में यात्रा करने वाले यात्रियों को यात्रा के दौरान पढ़ने के लिए निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें लाइफस्टाइल, यात्रा, स्वास्थ्य, संस्कृति, मनोरंजन और पर्यटन जैसे विषयों से संबंधित रोचक एवं उपयोगी सामग्री शामिल की गई है। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को यात्रा के दौरान ज्ञानवर्धक और मनोरंजक पठन सामग्री उपलब्ध कराकर उनके ऑनबोर्ड यात्रा अनुभव को बेहतर बनाना है।
मैगजीन के वितरण के लिए तीन वर्ष का अनुबंध मेसर्स इंस्टा आउटडोर, सूरत को प्रदान किया गया है। इस अनुबंध से पूरे तीन वर्षीय कार्यकाल में पश्चिम रेलवे को लगभग ₹22 लाख का गैर-किराया राजस्व प्राप्त होने की उम्मीद है। जुलाई 2026 का अंक इस अनुबंध के तहत प्रकाशित “Track & Trend” का पहला संस्करण है।
यह पहल पश्चिम रेलवे के यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ गैर-किराया राजस्व बढ़ाने के लिए नवीन उपायों की दिशा में किए जा रहे सतत प्रयासों को भी दर्शाती है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
