रखरखाव कार्य के कारण अप और डाउन धीमी लाइनों की ट्रेनें फास्ट ट्रैक पर डायवर्ट रहेंगी, रविवार को दिन में ब्लॉक नहीं होगा।

पश्चिम रेलवे द्वारा रेलपथ, सिगनलिंग प्रणाली तथा ऊपरी उपस्करों के रख-रखाव के लिए उपनगरीय खंड पर एक महत्वपूर्ण जम्बो ब्लॉक की घोषणा की गई है। यह ब्लॉक शनिवार/रविवार अर्थात 9/10 मई, 2026 की मध्यरात्रि को बोरीवली एवं भायंदर स्टेशनों के बीच लिया जाएगा।

पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री विनीत अभिषेक द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 9/10 मई, 2026 की मध्यरात्रि में अप एवं डाउन धीमी लाइनों पर रात 00.30 बजे से सुबह 04.30 बजे तक कुल 4 घंटे का जम्बो ब्लॉक लागू रहेगा। इस अवधि में रेल पथ एवं सिगनलिंग से जुड़े आवश्यक रखरखाव कार्य संपन्न किए जाएंगे।

ब्लॉक के दौरान परिचालन व्यवस्था में बदलाव करते हुए सभी अप धीमी लाइन की ट्रेनें विरार/वसई रोड से बोरीवली/गोरेगांव के बीच अप फास्ट लाइन पर संचालित की जाएंगी। इसी प्रकार, विरार की ओर जाने वाली डाउन धीमी लाइन की सभी ट्रेनें गोरेगांव से वसई रोड/विरार के बीच डाउन फास्ट लाइन पर चलाई जाएंगी। इस कारण ब्लॉक अवधि में कुछ उपनगरीय सेवाएं निरस्त रहेंगी, जिनकी विस्तृत सूची उपनगरीय खंड के सभी स्टेशनों पर उपलब्ध कराई जाएगी।

रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रविवार, 10 मई, 2026 को दिवसकालीन ब्लॉक नहीं लिया जाएगा, जिससे दिन के समय रेल यातायात सामान्य रूप से संचालित रहेगा।

पश्चिम रेलवे ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे उपरोक्त अस्थायी परिवर्तन को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं, जिससे किसी भी असुविधा से बचा जा सके। यह रखरखाव कार्य उपनगरीय रेल संचालन की सुरक्षा और सुचारुता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story