विट्ठलपुर होंडा प्लांट पहुंचे डीआरएम वेद प्रकाश, रेल से दोपहिया परिवहन पर बनी बड़ी सहमति
विट्ठलपुर स्थित होंडा प्लांट में डीआरएम वेद प्रकाश ने रेलवे और HMSI प्रबंधन के साथ बैठक की। रेल मार्ग से दोपहिया वाहनों के परिवहन की बड़ी पहल पर अहम चर्चा हुई।

तस्वीर में (ऊपर) पश्चिम रेलवे अहमदाबाद मंडल के डीआरएम श्री वेद प्रकाश और रेलवे अधिकारी विट्ठलपुर स्थित होंडा प्लांट में मॉडल को देखते हुए तथा (नीचे) प्लांट परिसर में परिचालन व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए नजर आ रहे हैं।
पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) श्री वेद प्रकाश ने 14 जुलाई, 2026 को गुजरात के विट्ठलपुर स्थित होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (HMSI) के प्लांट का दौरा किया। इस दौरान रेलवे अधिकारियों और होंडा प्रबंधन के साथ उच्चस्तरीय बैठक आयोजित हुई, जिसमें होंडा के स्कूटर एवं अन्य दोपहिया वाहनों का रेल मार्ग से परिवहन शुरू करने की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि विट्ठलपुर स्थित होंडा प्लांट में प्रतिदिन 7,500 से अधिक स्कूटरों का उत्पादन होता है, जिन्हें वर्तमान में ट्रकों के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों में भेजा जाता है। अब भारतीय रेलवे के जरिए इन दोपहिया वाहनों का परिवहन शुरू करने के उद्देश्य से दोनों पक्षों के बीच सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ।
चर्चा के दौरान रेल परिवहन के लिए आवश्यक परिचालन व्यवस्था, लोडिंग एवं अनलोडिंग सुविधाओं, लॉजिस्टिक्स, रेक उपलब्धता तथा विभिन्न समन्वयात्मक पहलुओं पर विस्तार से विचार किया गया। बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि रेल आधारित परिवहन शुरू होने से सड़क परिवहन पर निर्भरता कम होगी, परिवहन लागत में कमी आएगी, समयबद्ध और सुरक्षित आपूर्ति सुनिश्चित होगी तथा कार्बन उत्सर्जन में कमी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
डीआरएम श्री वेद प्रकाश ने कहा कि भारतीय रेलवे उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक और विश्वसनीय माल परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल रेलवे और ऑटोमोबाइल उद्योग के बीच सहयोग को नई दिशा देगी तथा रेल आधारित लॉजिस्टिक्स को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
प्रस्तावित व्यवस्था लागू होने के बाद अहमदाबाद मंडल के माल परिवहन (फ्रेट) राजस्व में भी उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है। साथ ही यह पहल भारतीय रेलवे के "ग्रीन लॉजिस्टिक्स" और "मल्टी-मोडल ट्रांसपोर्ट" को बढ़ावा देने के उद्देश्य को भी सशक्त करेगी। अहमदाबाद मंडल क्षेत्र के उद्योगों को रेल नेटवर्क से जोड़ने, माल ढुलाई को अधिक सुरक्षित, किफायती और पर्यावरण-अनुकूल बनाने तथा उद्योगों के लिए बेहतर लॉजिस्टिक समाधान उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
