वेस्टर्न रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने बुधवार को प्रतापनगर–एकतानगर रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वडोदरा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वडोदरा तथा प्रतापनगर रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण कर चल रही विकास परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं की समीक्षा की।

महाप्रबंधक श्री पाण्डेय ने वडोदरा स्टेशन पर RLDA और NHSRCL के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ यार्ड रीमॉडलिंग परियोजना का जायजा लिया। मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भडके ने उन्हें परियोजना के अंतर्गत प्रस्तावित अवसंरचना कार्यों की जानकारी दी। इसमें लाइन संख्या 6 और 7 को मुख्य लाइन से सीधे जोड़ने की व्यवस्था, प्लेटफॉर्म संख्या 4 और 5 की क्षमता वृद्धि, नई स्टेबलिंग लाइन का विकास और अन्य संबंधित कार्य शामिल हैं। वडोदरा रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के उन्नयन के तहत डिलांज का उद्घाटन भी किया गया।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने वडोदरा स्थित इलेक्ट्रिक लोको शेड का भी दौरा किया। मंडल प्रबंधक और वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें इलेक्ट्रिक लोको शेड में किए गए संशोधनों और भविष्य की विस्तार योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने न्यूमैटिक सेक्शन, ऑक्सिलियरी मोटर सेक्शन और बोगी सेक्शन सहित विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने लोको विफलताओं को शून्य करने के उद्देश्य से किए जा रहे तकनीकी विश्लेषण और सुधारात्मक उपायों की जानकारी भी प्रस्तुत की।

इस दौरान महाप्रबंधक ने इलेक्ट्रिक लोको शेड में इन-हाउस विकसित ड्यूल मोड शंटिंग इंजन ‘सारथी’ का निरीक्षण किया और इस पहल की सराहना की। यह इंजन ओएचई और बैटरी दोनों मोड में कार्य करने में सक्षम है। इससे शंटिंग कार्यों में सुगमता, समय की बचत और 2 से 3 लोकोमोटिव की कैस्केडिंग आवश्यकता समाप्त होने जैसे लाभ मिलेंगे। उन्हें शेड में स्थापित रिमोट मॉनिटरिंग सिस्टम की भी जानकारी दी गई।

निरीक्षण के अगले चरण में महाप्रबंधक ने प्रतापनगर रेलवे स्टेशन पहुंचकर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध मूलभूत यात्री सुविधाओं, स्टेशन विकास कार्यों, यार्ड लेआउट और निर्माणाधीन फुट ओवर ब्रिज की प्रगति का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इसके बाद प्रतापनगर रेलवे कॉलोनी स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में नव निर्मित पिकलबॉल कोर्ट का उद्घाटन किया गया।

प्रतापनगर–एकतानगर रेलखंड के विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण के बाद महाप्रबंधक एकतानगर स्टेशन पहुंचे, जहां मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भडके ने उन्हें स्टेच्यू ऑफ यूनिटी आने वाले पर्यटकों के लिए एकतानगर स्टेशन को और विकसित करने की योजनाओं से अवगत कराया। ट्रेन परिचालन क्षमता बढ़ाने के लिए स्टेशन पर अतिरिक्त लूप लाइन निर्माण प्रस्तावित है। वहीं नॉन फेयर रिवेन्यू के तहत फूड प्लाजा विकसित करने की योजना भी तैयार की गई है।

एकतानगर से अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन के लिए लाइन क्षमता बढ़ाने हेतु प्रतापनगर–एकतानगर रेलखंड के तिलकवाड़ा और मोरया स्टेशन को अपग्रेड किया गया है। रेलखंड में ट्रेनों की पंक्चुअलिटी सुधारने के लिए मेटल फेंसिंग भी स्थापित की गई है। पश्चिम रेलवे की इन परियोजनाओं से यात्री सुविधाओं, परिचालन क्षमता और पर्यटन कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story