पश्चिम रेलवे ने बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर शिकंजा कसते हुए अप्रैल से सितंबर, 2026 के दौरान टिकट जांच अभियानों से 116.52 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है। इस अवधि में बिना बुक किए गए सामान के मामलों सहित 15.49 लाख बिना टिकट एवं अनियमित यात्रियों का पता लगाया गया।

पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री विनीत अभिषेक द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, वरिष्ठ वाणिज्य अधिकारियों की सक्रिय निगरानी में टिकट जांच कर्मचारियों की टीम ने मुंबई उपनगरीय लोकल ट्रेनों, लंबी दूरी की मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों, पैसेंजर ट्रेनों तथा हॉलिडे स्पेशल ट्रेनों में गहन टिकट जांच अभियान चलाए। इन अभियानों का उद्देश्य राजस्व की हानि को कम करना और अनुशासित यात्रा सुनिश्चित करना रहा।

अप्रैल से सितंबर, 2026 के दौरान पश्चिम रेलवे ने बिना बुक किए गए सामान के मामलों सहित 15.49 लाख बिना टिकट एवं अनियमित यात्रियों का पता लगाया। इन मामलों से 116.52 करोड़ रुपये के जुर्माने की राशि प्राप्त हुई। केवल सितंबर, 2026 में ही 2 लाख से अधिक बिना टिकट एवं अनियमित यात्रियों का पता लगाया गया, जिससे 16.09 करोड़ रुपये के जुर्माने की राशि प्राप्त हुई।

मुंबई उपनगरीय खंड पर भी गहन टिकट जांच अभियानों के दौरान महत्वपूर्ण परिणाम सामने आए। अप्रैल से सितंबर, 2026 के दौरान बिना टिकट/अनियमित यात्रा के कुल 5.43 लाख मामलों का पता लगाया गया, जिससे 30 करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्राप्त हुई। यह पश्चिम रेलवे के उपनगरीय नेटवर्क में अनुशासित एवं अधिकृत यात्रा सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों को दर्शाता है।

पश्चिम रेलवे ने एसी उपनगरीय लोकल ट्रेनों में सामान्य टिकट धारकों द्वारा अनधिकृत यात्रा रोकने के लिए भी लक्षित टिकट जांच अभियान लगातार चलाए। अप्रैल से सितंबर, 2026 के दौरान एसी उपनगरीय सेवाओं में लगभग 97,000 दंडात्मक मामलों का पता लगाया गया और 4.33 करोड़ रुपये की राशि वसूल की गई। पिछले वर्ष की इसी अवधि में लगभग 49,000 मामलों से 1.60 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हुई थी। इस तरह दंडात्मक मामलों से प्राप्त राशि में 170 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई।

टिकटिंग प्रक्रिया को और अधिक सुव्यवस्थित करने के लिए पश्चिम रेलवे ने सभी मंडलों पर कर्मचारियों को शेयरेबल यूटीएस सीज़न टिकट की विशेषताओं से परिचित कराने के लिए एक वीडियो कॉन्फ्रेंस आयोजित की। रेलवन ऐप के माध्यम से 2 अक्टूबर, 2026 से शुरू किए गए इन टिकटों के सत्यापन की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई, ताकि उचित सत्यापन सुनिश्चित किया जा सके और इनके दुरुपयोग को रोका जा सके।

पश्चिम रेलवे ने अनधिकृत यात्रा रोकने, रेलवे राजस्व की सुरक्षा करने और अनुशासित यात्रा को बढ़ावा देने की दिशा में टिकट जांच कर्मचारियों के निरंतर समर्पण एवं प्रयासों की सराहना की है। लगातार चलाए जा रहे इन अभियानों ने पारदर्शी टिकटिंग प्रथाओं को सुनिश्चित करने और समूचे पश्चिम रेलवे नेटवर्क में यात्री अनुभव को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।


Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story