79वीं सीनियर नेशनल एक्वाटिक चैंपियनशिप-2026 में पश्चिम रेलवे की डाइविंग टीम ने जीते 11 पदक
चेन्नई में 79वीं सीनियर नेशनल एक्वाटिक चैंपियनशिप-2026 में पश्चिम रेलवे की डाइविंग टीम ने 3 स्वर्ण समेत कुल 11 पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।

चेन्नई में आयोजित 79वीं सीनियर नेशनल एक्वाटिक चैंपियनशिप-2026 में पश्चिम रेलवे की डाइविंग टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 11 पदक जीतकर पश्चिम रेलवे का गौरव बढ़ाया। टीम ने प्रतियोगिता में 3 स्वर्ण, 2 रजत और 6 कांस्य पदक अपने नाम किए।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री विनीत अभिषेक द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पलक शर्मा ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए कुल चार पदक हासिल किए। उन्होंने महिला प्लेटफॉर्म व्यक्तिगत, महिला प्लेटफॉर्म सिंक्रोनाइज्ड तथा महिला 3 मीटर स्प्रिंगबोर्ड सिंक्रोनाइज्ड स्पर्धाओं में तीन स्वर्ण पदक जीते, जबकि महिला 1 मीटर स्प्रिंगबोर्ड स्पर्धा में एक रजत पदक अपने नाम किया।
हृतिका श्रीराम ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल पांच पदक जीते। उन्होंने महिला प्लेटफॉर्म सिंक्रोनाइज्ड तथा महिला 3 मीटर स्प्रिंगबोर्ड सिंक्रोनाइज्ड स्पर्धाओं में दो स्वर्ण पदक हासिल किए। इसके अलावा महिला प्लेटफॉर्म, महिला 3 मीटर स्प्रिंगबोर्ड और महिला 1 मीटर स्प्रिंगबोर्ड स्पर्धाओं में तीन कांस्य पदक जीते।
पुरुष वर्ग में अभिषेक यू ने पुरुष 1 मीटर स्प्रिंगबोर्ड स्पर्धा में रजत पदक जीता। वहीं, पुरुष 3 मीटर स्प्रिंगबोर्ड तथा पुरुष 3 मीटर स्प्रिंगबोर्ड सिंक्रोनाइज्ड स्पर्धाओं में दो कांस्य पदक अपने नाम किए। निहाल गिराम ने पुरुष प्लेटफॉर्म सिंक्रोनाइज्ड स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर पश्चिम रेलवे के पदकों की संख्या में एक और उपलब्धि जोड़ी।
पश्चिम रेलवे ने 79वीं सीनियर नेशनल एक्वाटिक चैंपियनशिप-2026 में कुल 11 पदक जीतने वाली अपनी डाइविंग टीम के सभी पदक विजेताओं को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धि पर बधाई दी और इस प्रदर्शन को रेलवे के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
